Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
आगरा में पति सुरेंद्र को मारकर पत्नी रूबी ने बाथरूम में दफनाया, 45 दिनों तक पुलिस को देती रही चकमा, फिर खुद यूं फंसी

आगरा में पति सुरेंद्र को मारकर पत्नी रूबी ने बाथरूम में दफनाया, 45 दिनों तक पुलिस को देती रही चकमा, फिर खुद यूं फंसी

News Tak 5 days ago

Agra Ruby Case: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक ऐसा हत्याकांड सामने आया है जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया. सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में रहने वाली महिला रूबी पर आरोप है कि उसने अपने पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया.

इसके बाद ऊपर से सीमेंट का फर्श बनवा दिया, ताकि किसी को भनक तक न लगे. सबसे हैरानी की बात यह रही कि आरोपी महिला करीब 45 दिन तक उसी घर में रहती रही और पुलिस व परिजनों को पति की गुमशुदगी की कहानी सुनाती रही.

क्या है पूरा मामला?

पूरा मामला आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी का है. यहां रहने वाले 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा बीते 18 मई को अचानक लापता हो गए थे. परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे. इस दौरान सुरेंद्र की पत्नी रूबी लगातार सबको यही दिलासा देती रही कि वो कहीं चले गए हैं और जल्द ही वापस लौट आएंगे. इसके बाद 26 मई को थाने में सुरेंद्र की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई.

पुलिस के साथ मिलकर पति को ढूंढने का नाटक

गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जब जांच शुरू की तो रूबी खुद आगे रहकर पुलिस की मदद करने का ढोंग रचती रही. वह पुलिस टीम के साथ आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखने और लोगों से पूछताछ करने में भी शामिल रही ताकि किसी को उस पर रत्ती भर भी शक न हो. लेकिन इस पूरी कहानी के पीछे एक बेहद खौफनाक सच छिपा था. आरोप है कि रूबी ने 18 मई को ही सुरेंद्र की हत्या कर दी थी और शव को बाथरूम के गड्ढे में छिपाकर ऊपर से प्लास्टर करवा दिया था, ताकि बदबू बाहर न आए.

जेठ के सामने रूबी ने उगला पूरा सच

शातिर पत्नी पिछले 45 दिनों से उसी घर में रह रही थी, जिसके फर्श के नीचे उसके पति की लाश सड़ रही थी. पुलिस लगातार मामले की तफ्तीश में जुटी थी. जांच के दौरान पुलिस को रूबी के बयानों में कई विरोधाभास नजर आए. उसके बयान आपस में मेल नहीं खा रहे थे. शुक्रवार को जब पुलिस दोबारा उसके घर पहुंची, तो रूबी की हरकतों और हाव-भाव को देखकर पुलिस का शक गहरा गया. इसी बीच मृतक के भाई (सुरेंद्र के जेठ) को भी कुछ अंदेशा हुआ. जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ शुरू की, तो पकड़े जाने के डर से रूबी टूट गई और उसने खुद अपने जेठ को बुलाकर पूरा सच उगल दिया.

बाथरूम की फर्श तोड़ी तो दंग रह गई पुलिस

महिला के कबूलनामे के बाद पुलिस तुरंत रेणुका धाम कॉलोनी स्थित घर के बाथरूम में पहुंची. जब मजदूरों से कहकर बाथरूम के कंक्रीट फर्श को तुड़वाया गया, तो उसके नीचे बने गड्ढे से सुरेंद्र शर्मा का सड़ चुका शव बरामद हुआ. शव मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

आखिर क्यों किया इतना खौफनाक कत्ल?

शुरुआती पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, वारदात को बहुत ही सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया था. मर्डर करने से पहले ही बाथरूम में खुदाई और मरम्मत की तैयारी कर ली गई थी, ताकि हत्या के तुरंत बाद शव को ठिकाने लगाया जा सके.

वहीं, इस मर्डर के पीछे की वजह को लेकर पड़ोसियों ने बड़ा खुलासा किया है. पड़ोसी गौरव दीक्षित के मुताबिक, मृतक सुरेंद्र को शराब पीने की बुरी लत थी. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन गंभीर झगड़े होते थे. कई बार तो कॉलोनी के लोगों को बीच-बचाव करने के लिए उनके घर जाना पड़ता था. माना जा रहा है कि इसी रोज-रोज के घरेलू क्लेश और विवाद के चलते इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया गया.

पुलिस जांच में जुटे कई अहम सवाल

अब पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या रूबी ने इस पूरे कांड को अकेले ही अंजाम दिया या इस साजिश और कत्ल में उसके साथ कोई और भी मददगार शामिल था. पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही पूरी चार्जशीट पेश करेगी.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News Tak