Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
भारत में जल्द आएंगे प्लास्टिक के ₹10 और ₹20 के नोट! RBI गवर्नर ने बताया कब से होंगे जारी

भारत में जल्द आएंगे प्लास्टिक के ₹10 और ₹20 के नोट! RBI गवर्नर ने बताया कब से होंगे जारी

News Tak 1 week ago

भारतीय रिजर्व बैंक जल्द ही देश में प्लास्टिक के नोट जारी कर सकता है. RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा है कि अगर फील्ड ट्रायल सफल रहते हैं तो अगले कारोबारी साल 2028 की शुरुआत में ₹10 और ₹20 के पॉलिमर नोट बाजार में उतारे जा सकते हैं.

RBI की MPC बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में गवर्नर ने कहा कि केंद्रीय बैंक की योजना अगले वित्त वर्ष की शुरुआत में इन नोटों को चलन में लाने की है.

क्यों ला रहा है RBI प्लास्टिक के नोट?

RBI का कहना है कि पॉलिमर नोट सामान्य कागज के नोटों की तुलना में ज्यादा मजबूत और टिकाऊ होते हैं. खासतौर पर ₹10 और ₹20 जैसे छोटे नोट रोजमर्रा के लेनदेन में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होते हैं, इसलिए ये जल्दी खराब हो जाते हैं.प्लास्टिक के नोट ज्यादा समय तक चलते हैं, जिससे बार-बार नए नोट छापने की जरूरत कम होगी और नोटों के प्रबंधन की लागत भी घटेगी.

सरकार ने क्या मंजूरी दी है?

हाल ही में केंद्र सरकार ने RBI के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. इसके तहत ₹10 और ₹20 के 100-100 करोड़ पॉलिमर नोट फील्ड ट्रायल के लिए छापे जाएंगे. अगर ट्रायल सफल रहता है, तो बाद में इन नोटों को नियमित रूप से जारी करने पर फैसला लिया जाएगा.

क्या सभी कागज के नोट बंद हो जाएंगे?

नहीं. सरकार ने साफ किया है कि फिलहाल सभी कागज के नोटों को हटाने की कोई योजना नहीं है. शुरुआत में पॉलिमर नोट केवल परीक्षण के तौर पर जारी किए जाएंगे और कागज के पुराने नोट भी इनके साथ सामान्य रूप से चलते रहेंगे.

क्या होते हैं पॉलिमर नोट?

अभी भारत में नोट कॉटन बेस्ड पेपर पर छपते हैं, जबकि पॉलिमर नोट एक खास तरह की प्लास्टिक शीट पर छापे जाते हैं.ये नोट जल्दी फटते नहीं हैं, पानी और गंदगी से कम खराब होते हैं और इनकी उम्र सामान्य नोटों से काफी ज्यादा होती है.

किन देशों में पहले से चल रहे हैं प्लास्टिक के नोट?

दुनिया के 60 से ज्यादा देशों में पॉलिमर नोट इस्तेमाल किए जा रहे हैं. इनमें:

  • ऑस्ट्रेलिया
  • ब्रिटेन
  • कनाडा
  • न्यूजीलैंड
  • सिंगापुर
  • मलेशिया
  • थाईलैंड
  • वियतनाम

जैसे देश शामिल हैं. ऑस्ट्रेलिया ने सबसे पहले 1988 में पॉलिमर नोट शुरू किए थे.

आगे क्या होगा?

अब सबकी नजर RBI के फील्ड ट्रायल पर रहेगी. अगर परीक्षण सफल रहता है, तो अगले वित्त वर्ष की शुरुआत में ₹10 और ₹20 के प्लास्टिक नोट आम लोगों के हाथों में दिखाई दे सकते हैं. हालांकि, फिलहाल पुराने कागज के नोट भी पहले की तरह वैध रहेंगे और दोनों तरह की करेंसी साथ-साथ चलेंगी.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News Tak