Dailyhunt
Chandrapur Crime: महिला पुलिसकर्मी ही निकली पिता की कातिल...3 साल बाद हत्या का खुलासा हुआ तो प्रेम संबंधों वाली ये कहानी पता चली

Chandrapur Crime: महिला पुलिसकर्मी ही निकली पिता की कातिल...3 साल बाद हत्या का खुलासा हुआ तो प्रेम संबंधों वाली ये कहानी पता चली

News Tak 1 week ago

ब एक बच्चा जन्म लेता है तो मां-बाप उसके परवरिश के लिए अपनी जी-जान लगा देते है. बच्चे के जन्म लेने से अपनी अंतिम सांस तक मां-बाप उसके लिए हर वो चीज करते है जो उनके लिए जरूरी होता है.

लेकिन महाराष्ट्र के चंद्रपुर से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बेटी ने ही अपने पिता को मौत के घाट उतार दिया है. इस हत्या में बेटी ने अपने प्रेमी को शामिल किया और मामला पूरी तरह दब गया था. लेकिन अब 3 साल बाद उसी प्रेमी ने इस मामले की पोल खोल दी है, जिसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आइए विस्तार से जानते हैं इस सनसनीखेज मामले की पूरी कहानी.

प्यार में रोड़ा बन रहे थे पिता

मामला महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से सामने आया है. यहां के रहने वाले एक युवक आशीष और एक युवती आर्या के बीच काफी लंबे समय से प्रेम संबंध थे. दोनों अक्सर छिपा-छिपाकर मिलते और फोन पर बात करते रहते थे. शुरुआत में आर्या के पिता जयंत बल्लावार को इस बात की कोई भनक नहीं थी. लेकिन जैसे ही उन्हें इस मामले की जानकारी लगी तो उन्होंने इसका विरोध किया और आर्या को समझाने की कोशिश की. पर आर्या के सिर पर तो प्यार का भूत सवार था और वह अपने पिता की एक नहीं सुनने को तैयार थी. इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर विवाद और मारपीट होने लगे. रोज-रोज के इस विवाद ने तंग आकर आर्या ने अपने पिता को ही मारने की साजिश रची.

प्रेमी संग मिलकर बनाया प्लान, 5 हजार में खरीदा जहर

आर्या ने अपने प्रेमी आशीष के साथ मिलकर अपने पिता को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया. आशीष ने प्लान में साथ देते हुए अपने रिश्तेदार के नाबालिग बेटे से जहर की व्यवस्था की. प्लान के मुताबिक भद्रावती के रहने वाले 22 साल के चैतन्य उर्फ मोंटी सचिन गेडाम से संपर्क किया गया. 24 अप्रैल 2023 को चैतन्य ने कांच की बोतल में जहर लाकर दिया, जिसके बदले उसे 5000 रुपए दिया गया.

मिल्कशेक में मिलाया जहर, फिर पुलिस को दिया झूठा बयान

जहर मिलने के बाद आर्या ने 25 अप्रैल 2023 को अपने पिता के मिल्कशेक में जहर मिलाकर पिला दिया. जहर पीने के बाद जयंत बल्लावार ड्यूटी पर पहुंचे, लेकिन अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद मामले की जांच हुई और आर्या ने झूठा बयान दे दिया, जिसके बाद मामला ठंडा पड़ गया और इसे आकस्मिक मृत्यु घोषित कर दिया गया.

ऐसे खुली पोल

अब इस मामले में 3 साल बाद भद्रावती निवासी पुलिस कर्मचारी आशीष महेश शेडमाके ने 23 मार्च को रामनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने शिकायत में अपनी प्रेमिका और महिला पुलिस कर्मचारी आर्या जयंत बल्लावार पर आरोप लगाया कि उसने ही अपने पिता, हेड कॉन्स्टेबल जयंत बल्लावर की जहर देकर हत्या की है.

पुलिस जांच में ये बात आई सामने

वहीं पुलिस जांच में सामने आया है कि, आर्या और आशीष में 2022 से ही प्रेम-प्रसंग चल रहा था. इसी कड़ी में साल 2023 में आर्या के पिता की जानबूझकर हत्या की गई. उसके बाद दोनों 1-2 साल तक साथ रहे, लेकिन इसी बीच आपसी विवाद बढ़ने के बाद आशीष ने सारी पोल खोल दी. यह बात भी सामने आई है कि आरोपी आशीष और आर्या दोनों ही साल 2025 में चंद्रपुर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे और हाल ही में दोनों की ट्रेनिंग पूरी हुई थी.

पुलिस की कार्रवाई

शिकायत दर्ज होने के बाद अब रामनगर पुलिस ने इस मामले में आशिष महेश शेडमाके, आर्या जयंत बल्लावार, चैतन्य उर्फ मोंटी सचिन गेडाम और एक नाबालिग के खिलाफ IPC की धारा 120(B), 302, 201 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है. सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और न्यायालय ने चारों को 1 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है. चूंकि मामला पुलिस से जुड़ा है लिहाजा पुलिस विभाग भी इस मामले को लेकर मीडिया से कुछ भी बोलने से बच रहे हैं.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News Tak