Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
IPL स्टार वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा बड़ा इनाम, झारखंड स्वास्थ्य विभाग के बनेंगे ब्रांड एंबेसडर; मंत्री का बड़ा ऐलान

IPL स्टार वैभव सूर्यवंशी को मिलेगा बड़ा इनाम, झारखंड स्वास्थ्य विभाग के बनेंगे ब्रांड एंबेसडर; मंत्री का बड़ा ऐलान

News Tak 2 weeks ago

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपने बल्ले से कोहराम मचाने वाले 15 साल के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के नाम की गूंज इन दिनों हर तरफ सुनाई दे रही है. क्रिकेट के दिग्गजों से लेकर आम खेल प्रेमियों तक, हर किसी की जुबान पर सिर्फ और सिर्फ वैभव सूर्यवंशी का ही नाम है.

राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव ने जिस आक्रामकता और आत्मविश्वास के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाजों की धुनाई की, उसने पूरे देश को प्रभावित किया है. हालांकि उनकी टीम राजस्थान रॉयल्स फाइनल की रेस से बाहर हो गई है, लेकिन वैभव ने करोड़ों क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया है. इसी बीच, इस युवा सनसनी के लिए एक बड़ी खुशखबरी आई है.

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री ने किया बड़ा ऐलान

महज 15 साल की उम्र में देश के बड़े-बड़े दिग्गजों को मुरीद बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी को अब एक बड़ा इनाम मिलने जा रहा है. झारखंड सरकार में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि वैभव सूर्यवंशी को न सिर्फ झारखंड में विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा, बल्कि उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर भी बनाया जाएगा.

'भले ही मैच हार गए, पर करोड़ों का दिल जीत लिया'

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक बेहद भावुक और सराहना से भरी पोस्ट लिखी है. खुद को पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी बताते हुए मंत्री ने लिखा, "क्रिकेट जगत में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी, अद्भुत प्रतिभा और कम उम्र में ही पूरे देश को प्रभावित करने वाले युवा क्रिकेट सितारे वैभव सूर्यवंशी को झारखंड में सम्मानित किया जाएगा. साथ ही उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया जाएगा."

उन्होंने वैभव को संबोधित करते हुए आगे लिखा, "वैभव, भले ही तुम्हारी टीम मैच हार गई हो, लेकिन तुम करोड़ों भारतीयों का दिल जीत चुके हो. मैं स्वयं क्रिकेट का खिलाड़ी रहा हूं, लेकिन इतनी कम उम्र में बड़े-बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाजों का जिस आत्मविश्वास के साथ सामना करना और उनकी धुनाई करना, यह तुम्हारी असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है. तुमने न केवल अपना, बल्कि अपने माता-पिता, बिहार और पूरे हिंदुस्तान का नाम रोशन किया है."

समस्तीपुर के लाल ने रचा इतिहास

आपको बता दें कि युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले हैं. इतनी छोटी सी उम्र में आईपीएल जैसे बड़े मंच पर निडर होकर खेलना भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय लिख रहा है. खेल विश्लेषकों का भी मानना है कि वैभव आने वाले समय में विश्व क्रिकेट में भारतीय टीम के सबसे मजबूत स्तंभों में से एक बनेंगे. फिलहाल, झारखंड सरकार द्वारा उन्हें ब्रांड एंबेसडर बनाए जाने के फैसले से खेल और प्रशासनिक गलियारों में उनकी खूब तारीफ हो रही है.

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News Tak