बिहार की राजधानी पटना से सामने आए शंभू गर्ल्स हॉस्टल में NEET छात्रा की संदिग्ध मौत मामले की गुत्थी अभी तक पूरी तरह सुलझी भी नहीं थी, कि एक और छात्रा के संदिग्ध मौत की कहानी सामने आ गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक, पटना के कंकरबाग इलाके में राधे कृष्ण हॉस्टल में एक छात्रा आज सुबह-सुबह मृत पाई गई है. नाबालिग लड़की अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई दिखी, जिसके बाद उसकी दोस्त ने इसकी जानकारी हॉस्टल वार्डन को दी. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फिलहाल जांच में जुटी हुई है. आइए विस्तार से जानते है पूरी कहानी.
10 दिन पहले ही आई थी हॉस्टल
बताया जा रहा है कि मृतका समस्तीपुर की रहने वाली है और फिलहाल पटना के राधे कृष्ण हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी. वह साल 2024 में यहां आई थी और तब से ही यहां रहकर पढ़ाई कर रही थी. बताया जा रहा कि छात्रा 10 दिन पहले ही अपने घर समस्तीपुर से हॉस्टल वापस आई थी. छात्रा की दोस्तों के मुताबिक वह बेहद ही शांत स्वभाव की थी और हॉस्टल में बहुत कम लोगों से बातचीत करती थी.
दोस्तों और परिजनों का अलग-अलग दावा
छात्रा की मौत की खबर मिलते ही हॉस्टल की वार्डन और उसके दोस्त दौड़कर कमरे की तरफ भागे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और छात्रा दम तोड़ चुकी थी. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतका के दोस्तों का कहना है कि छात्रा अक्सर इस बात को लेकर परेशान रहती थी कि उसके परिवार वाले उससे बातचीत नहीं करते थे. उसने यह बात अपनी कुछ सहेलियों से भी शेयर की थी. हालांकि, दूसरी तरफ मृतका के परिजनों का दावा कुछ अलग है. परिजनों का कहना है कि घर में बातचीत न होने जैसी कोई बात नहीं थी, बल्कि छात्रा किसी अन्य गंभीर समस्या या बात को लेकर काफी समय से मानसिक तनाव में थी.
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पटना के पत्रकार नगर थाना स्थित सचिवालय कॉलोनी में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो कमरे से साक्ष्य जुटाने में लगी है. फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. मामले को लेकर ASP अभिनव का कहना है कि जांच जारी है और रूम में हमें कई चीजें मिली है, जिसकी जांच के बाद ही आगे कुछ बताया जा सकता है.

