सोशल मीडिया पर इन दिनों एक कैब ड्राइवर और महिला पैसेंजर के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. मामला नोएडा से गुरुग्राम की एक राइड का है, जहां सीएनजी भरवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि महिला ने ड्राइवर को पैसे देने से साफ मना कर दिया और उस पर उत्पीड़न (Harassment) के आरोप लगाने शुरू कर दिए.
क्या है पूरा विवाद?
वायरल वीडियो के अनुसार, कैब ड्राइवर ने नोएडा सेक्टर-20 से महिला पैसेंजर की राइड गुरुग्राम के लिए ली थी. रास्ते में सीएनजी कम होने पर ड्राइवर ने एक पंप पर रुककर गैस भरवाने की इजाजत मांगी. पहले तो महिला मान गई, लेकिन कुछ देर बाद वह पंप पर ही चिल्लाने लगी. विवाद तब और गहरा गया जब गंतव्य पर पहुंचने के बाद महिला ने किराया देने से मना कर दिया.
वीडियो में क्या दिखा?
वीडियो में देखा जा सकता है कि जब ड्राइवर अपने हक के पैसे मांगता है, तो महिला आसपास के लोगों को इकट्ठा कर लेती है और चिल्लाने लगती है कि ड्राइवर उसे परेशान कर रहा है. वह पुलिस बुलाने की धमकी भी देती नजर आती है. सोशल मीडिया पर इस वीडियो के आने के बाद यूजर्स दो गुटों में बंट गए हैं.
सोशल मीडिया पर रिएक्शन
एक पक्ष का कहना है कि महिला 'विक्टिम कार्ड' खेल रही है और मेहनतकश ड्राइवर के पैसे डकारना चाहती है. वहीं, दूसरे पक्ष का तर्क है कि ड्राइवरों को राइड शुरू करने से पहले पर्याप्त ईंधन सुनिश्चित करना चाहिए, क्योंकि बीच रास्ते में रुकने से पैसेंजर का समय बर्बाद होता है और कई बार किराया भी बढ़ जाता है.
ड्राइवर पर गिरी गाज
ताजा जानकारी के मुताबिक, महिला की शिकायत के बाद संबंधित कंपनी (रैपिडो) ने ड्राइवर की आईडी ब्लॉक कर दी है. हालांकि, दावों के अनुसार महिला ने अभी तक उस ट्रिप का किराया नहीं चुकाया है
Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News Tak