Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Bagaha Liquor Seizure: इंजन के गुप्त तहखाने और ट्रैक्टर-ट्रॉली से भारी मात्रा में शराब बरामद, 1 तस्कर गिरफ्तार

Bagaha Liquor Seizure: इंजन के गुप्त तहखाने और ट्रैक्टर-ट्रॉली से भारी मात्रा में शराब बरामद, 1 तस्कर गिरफ्तार

बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी के बीच बगहा में मधनिषेध विभाग ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। मधनिषेध इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी करते हुए कुल 581.82 लीटर शराब और बीयर जब्त की है।

विभाग की इस त्वरित कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

गुप्त सूचना के आधार पर पहली कार्रवाई रामनगर थाना क्षेत्र के पुरन्दरपुर गांव स्थित नहर किनारे की गई। मधनिषेध टीम ने मौके से एक लावारिस ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया, जिसकी तलाशी लेने पर 456 लीटर अवैध बीयर बरामद हुई। हालांकि, छापेमारी के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रैक्टर चालक और तस्कर भागने में सफल रहे। पुलिस ने वाहन को जब्त कर फरार तस्कर की तलाश तेज कर दी है।

दूसरी कार्रवाई बगहा-वाल्मीकिनगर मुख्य मार्ग पर पटखौली थाना क्षेत्र में हुई। चेकिंग के दौरान टीम ने एक संदिग्ध बोलेरो को रोककर गहनता से तलाशी ली। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए बोलेरो के इंजन के पास एक खास गुप्त तहखाना बना रखा था। जब टीम ने इंजन वाले हिस्से को खोलकर देखा तो वहां से 125.82 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इस दौरान बोलेरो चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

शराब तस्कर लगातार पुलिस को चकमा देने के लिए वाहनों में बदलाव और गुप्त ठिकाने बनाने जैसे नए-नए तरीके अपना रहे हैं। कभी ट्रैक्टर-ट्रॉली तो कभी सीधे गाड़ी के इंजन के अंदर तहखाना बनाकर खेप पहुंचाई जा रही है। लेकिन मधनिषेध इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार और उनकी टीम की सजगता के आगे तस्करों के ये सभी तरीके नाकाम साबित हुए।

दोनों मामलों में उत्पाद अधिनियम (Excise Act) के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार चालक से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब की इस खेप को भेजने वाले और मंगवाने वाले पूरे सिंडिकेट का खुलासा किया जा सके। वहीं, रामनगर से फरार हुए दूसरे तस्कर की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation