Dailyhunt
Bihar Crime: जहरीली दारू फैक्ट्री का पर्दाफाश, बगीचे में चल रहा था मौत का कारोबार, ब्रांडेड रैपर से होता था खेल

Bihar Crime: जहरीली दारू फैक्ट्री का पर्दाफाश, बगीचे में चल रहा था मौत का कारोबार, ब्रांडेड रैपर से होता था खेल

वैशाली के बेलसर थाना इलाके में पुलिस ने नकली शराब के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ कर दिया है। चकगुलामुद्दीन गांव के एक सुनसान बगीचे में मौत का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा था, जहां जहरीली शराब तैयार कर उसे नामी ब्रांड का लेबल लगाकर बाजार में खपाने की साजिश रची जा रही थी।

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जैसे ही इस सीक्रेट फैक्ट्री पर दबिश दी, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शराब माफिया इधर-उधर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि बाकी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है, जिससे पूरे सिंडिकेट का राज खुलने की उम्मीद है।

छापेमारी के दौरान जो नजारा सामने आया, उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए। पूरा बगीचा अवैध फैक्ट्री में तब्दील था हर तरफ स्प्रिट से भरे कंटेनर, सैकड़ों खाली बोतलें, ढक्कन और तैयार नकली शराब का जखीरा पड़ा हुआ था। इतना ही नहीं, पुलिस को कई नामी ब्रांड्स के रैपर भी बरामद हुए, जिनमें ब्लेंडर्स प्राइड, रॉयल स्टैग और इम्पीरियल ब्लू जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन रैपर के जरिए नकली शराब को असली बताकर 'ब्लैक मार्केट' में खपाने की पूरी तैयारी थी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामद शराब बेहद जहरीली हो सकती थी और अगर यह बाजार में पहुंचती तो बड़ा कांड हो सकता था। समय रहते इस कार्रवाई ने एक संभावित जनहानि को टाल दिया है। फिलहाल पुलिस इस दारू सिंडिकेट की जड़ों तक पहुंचने में जुटी है। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी चल रही है और यह भी खंगाला जा रहा है कि इस नेटवर्क के तार किन-किन राज्यों से जुड़े हैं। इस खुलासे के बाद इलाके में सनसनी है और शराब माफियाओं में खौफ का माहौल। लेकिन बड़ा सवाल वही आखिर कब तक ऐसे जहरीले खेल आम लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करते रहेंगे

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation