Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Bihar Crime:प्रेम प्रसंग में महिला की हुई थी हत्या, मुजफ्फरपुर हत्याकांड का खुलासा,  प्रेमी का पिता गिरफ्तार लापता 6 वर्षीय बेटे की तलाश जारी

Bihar Crime:प्रेम प्रसंग में महिला की हुई थी हत्या, मुजफ्फरपुर हत्याकांड का खुलासा, प्रेमी का पिता गिरफ्तार लापता 6 वर्षीय बेटे की तलाश जारी

मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी प्लांट के पीछे झाड़ियों से पांच दिन पहले मिले अज्ञात महिला के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या कथित तौर पर प्रेम प्रसंग के कारण की गई थी।

इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही घटना के बाद से लापता महिला के 6 वर्षीय बेटे की तलाश भी तेज कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान मंजू कुमारी के रूप में हुई है, जो कांटी थाना क्षेत्र के नरसंडा गांव की रहने वाली थी। पांच दिन पहले उसका शव एनटीपीसी के पीछे झाड़ियों से बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा और एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में विशेष जांच शुरू की गई।

जांच में पता चला कि मंजू कुमारी का अपने गांव के समीप विशुनपुर सुमेर निवासी विकास पासवान के साथ कई वर्षों से प्रेम संबंध था। बाद में मंजू की शादी हो गई और वह एक बच्चे की मां भी बनी, लेकिन पुलिस के अनुसार विकास इस बात से नाराज था। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मंजू को मिलने के बहाने बुलाया और उसकी हत्या कर शव को एनटीपीसी के पीछे झाड़ियों में फेंक दिया।

इस मामले में पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास पासवान के पिता हरी पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। हालांकि, मुख्य आरोपी विकास और अन्य नामजद आरोपी अभी फरार हैं।

मामले का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि घटना के बाद से मृतका का 6 वर्षीय बेटा आर्यन भी लापता है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी और खोजबीन कर रही है। बच्चे की सुरक्षा को देखते हुए इस पहलू को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।

एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि महिला के शव की पहचान होने के बाद पुलिस ने हर पहलू से जांच की, जिसमें प्रेम प्रसंग के कारण हत्या की बात सामने आई। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही लापता बच्चे की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation