Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Bihar News : 'अब दोबारा भेंट नहीं होगी'...भाई को फोन कर युवक ने लगाई फांसी, पत्नी और माँ के झगड़े से था परेशान

Bihar News : 'अब दोबारा भेंट नहीं होगी'...भाई को फोन कर युवक ने लगाई फांसी, पत्नी और माँ के झगड़े से था परेशान

भोजपुर जिले के टाउन थाना क्षेत्र के मझौवां गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक का शव घर के कमरे में पंखे के फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

शुरुआती जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर यह बात सामने आ रही है कि युवक पिछले कुछ दिनों से गंभीर डिप्रेशन में था और घरेलू विवाद के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

मृतक की पहचान मझौवां गांव निवासी 32 वर्षीय अनिल कुमार सिंह उर्फ भूलचूल के रूप में की गई है। मृतक के बड़े भाई अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि पिछले तीन दिनों से घर में अनिल की पत्नी और उसकी सास के बीच किसी बात को लेकर लगातार झगड़ा और कलह चल रही थी। हालांकि, घटना के वक्त मामला कुछ शांत दिख रहा था, लेकिन अंदर ही अंदर अनिल इस पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव को बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था।

घटना के समय अरविंद अपनी बीमार मां के लिए दवा लेने बाजार गए हुए थे। इसी दौरान अनिल ने अपने बड़े भाई को फोन किया और बेहद भावुक होकर कहा कि 'जब तुम घर वापस आओगे, तो मुझसे दोबारा भेंट नहीं होगी।' भाई की यह बात सुनकर अरविंद घबरा गए और उन्होंने फोन पर ही ढांढस बंधाते हुए पूछा कि ऐसा क्यों बोल रहे हो? अनहोनी की आशंका को देखते हुए अरविंद तुरंत बाजार से घर की तरफ दौड़े।

घर पहुंचते ही अरविंद ने जब मां से अनिल के बारे में पूछा, तभी उनके बेटे ने अनिल के कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर देखा। अंदर का नजारा खौफनाक था; अनिल पंखे के सहारे फंदे से लटका हुआ था। आनन-फानन में परिजनों ने उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय टाउन थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।

परिजनों के अनुसार, मृतक अनिल कुमार सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा था। वह पूर्व में एक हत्या के मामले में नामजद आरोपी रह चुका था और इस सिलसिले में जेल की हवा भी खा चुका था। वह दो भाइयों में सबसे छोटा था और मेहनत-मजदूरी करता था। उसके परिवार में पत्नी संजू देवी और एक मासूम बेटी है। इस अप्रत्याशित घटना के बाद से पत्नी संजू देवी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation