Dailyhunt
Bihar News: बिहार में दर्दनाक हादसा, नदी में डूबने से 3 सगे भाइयों की मौत, गांव में पसरा मातम

Bihar News: बिहार में दर्दनाक हादसा, नदी में डूबने से 3 सगे भाइयों की मौत, गांव में पसरा मातम

बिहार में दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां नदी में डूबने से 3 सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया। पूरा मामला समस्तीपुर जिले के शिवाजीनगर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी अनुसार बोरज गांव में सोमवार को करेह नदी में नहाने के दौरान तीन सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान आदित्य (17), हर्षित (15) और कार्तिक (13) के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, तीनों भाई अपने पिता सुदर्शन कुमार झा के साथ बरियाही घाट पर नहा रहे थे। इसी दौरान एक भाई गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए बाकी दोनों भाइयों ने भी पानी में छलांग लगा दी, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण तीनों खुद को संभाल नहीं पाए और एक-एक कर डूब गए।

पिता ने अपनी आंखों के सामने बच्चों को डूबता देखा और उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। उनके शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पहले दो भाइयों, आदित्य और हर्षित को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सबसे छोटे भाई कार्तिक का शव करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद किया गया।

बताया जा रहा है कि सुदर्शन कुमार झा दिल्ली में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते हैं और उनके तीनों बेटे वहीं पढ़ाई करते थे। परिवार हर साल की तरह इस बार भी रामनवमी मनाने गांव आया था। सुदर्शन के पिता गांव के हनुमान मंदिर के पुजारी हैं और सोमवार को ही मंदिर में ध्वजारोहण किया गया था। लेकिन कुछ ही घंटों बाद यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद पूरे बोरज गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation