Dailyhunt
Bihar News: बिहार में दिनदहाड़े हत्या, पूर्व मुखिया के बेटे को बेखौफ बदमाशों ने गोलियों से भूना, मौत से मचा हड़कंप

Bihar News: बिहार में दिनदहाड़े हत्या, पूर्व मुखिया के बेटे को बेखौफ बदमाशों ने गोलियों से भूना, मौत से मचा हड़कंप

बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं के अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला आरा के भोजपुर का है। जहां बेखौफ अपराधियों ने पूर्व मुखिया के बेटे को मौत के घाट उतार दिया है।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी पत्नी को स्कूल छोड़कर लौट रहा था इसी दौरान अपराधियों ने उसे गोली मार दी।

दरअसल, पूरा मामला भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र का है। जहां शनिवार को हथियारबंद बदमाशों ने पूर्व मुखिया के पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना बनकट गांव के समीप नहर लाइन पर हुई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय रितेश सिंह उर्फ भुअर सिंह के रूप में हुई है, जो लहरपा गांव निवासी रमेश सिंह के पुत्र थे। वे दिव्यांग थे और उनकी पत्नी सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं।

जानकारी के अनुसार, रितेश सिंह अपनी पत्नी स्वेता सिंह को बनकट स्थित उत्क्रमित विद्यालय छोड़कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने करीब साढ़े 10 बजे उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। सूचना मिलते ही गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। डीएसपी समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation