Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Bihar News : 'पहले मेरी पत्नी को बुलाओ, तभी नीचे आऊंगा', पत्नी के मायके जाने से नाराज पति टावर पर चढ़ा, जिद के आगे झुके ससुरालवाले

Bihar News : 'पहले मेरी पत्नी को बुलाओ, तभी नीचे आऊंगा', पत्नी के मायके जाने से नाराज पति टावर पर चढ़ा, जिद के आगे झुके ससुरालवाले

सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत कैतुका लच्छी पंचायत में शुक्रवार को उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब पत्नी के मायके चले जाने से आहत एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घंटों चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पत्नी के मौके पर पहुंचने पर ही युवक नीचे उतरा।

युवक की पहचान बबन शर्मा के पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है। मुकेश टेंट- शामियाना में काम करता है।

ग्रामीणों ने बताया कि चार माह पूर्व उसने गड़खा प्रखंड जबकि अवतार नगर थाना क्षेत्र के कोठियां नाराव गांव की युवती से दिघवारा प्रखंड अंतर्गत आमी गांव स्थित अंबिका भवानी मंदिर में प्रेम विवाह किया था। चार दिन पहले उसकी पत्नी मायके चली गई थी। मुकेश पत्नी को बुलाने ससुराल गया था, लेकिन वहां तू- तू, मैं- मैं होने के बाद विवाद हो गया। ससुराल वालों ने लड़की की विदाई नहीं की। इससे नाराज मुकेश घर लौटा और सीधे गांव के मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़कर वह बार- बार यही कह रहा था कि "पहले मेरी पत्नी को बुलाओ, तभी नीचे आऊंगा"।

घटना की सूचना मिलने पर आसपास के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही अमनौर थाने की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घंटों तक पुलिस और ग्रामीण युवक को समझाने- बुझाने में जुटे रहे। स्थानीय पंचायत के मुखिया सुनील राय व प्रशासन लगातार लाउडस्पीकर से उसे शांत कर सुरक्षित नीचे आने की अपील करता रहा। लेकिन टावर पर चढ़े युवक किसी की एक ना सुनी।

हालांकि काफी मशक्कत के बाद जब मुकेश की पत्नी को मौके पर बुलाया गया, तब जाकर वह टावर से नीचे उतरने को राजी हुआ। युवक के सुरक्षित नीचे उतरते ही लोगों ने राहत की सांस ली। घटना को लेकर पूरे इलाके में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा। पुलिस ने युवक की काउंसलिंग कर परिजनों को सौंप दिया है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation