Dailyhunt
Bihar Police: बिहार पुलिस का 'मिशन हाईटेक' शुरू! अब अपराधियों की खैर नहीं, सीएम नीतीश के 43 करोड़ का प्लान जान लीजिए

Bihar Police: बिहार पुलिस का 'मिशन हाईटेक' शुरू! अब अपराधियों की खैर नहीं, सीएम नीतीश के 43 करोड़ का प्लान जान लीजिए

बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। वहीं अपराधियों पर नकेल कसने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस को हाईटेक बनाने के बड़ा कदम उठाया है।

जानकारी अनुसार नीतीश सरकार ने पुलिसकर्मियों को अत्याधुनिक हथियार उपलब्ध कराने के लिए करीब 43 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से पिस्टल और गोला-बारूद खरीदने की मंजूरी दे दी है।

बिहार पुलिस मुख्यालय के प्रस्ताव को गृह विभाग ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके बाद अब हथियारों की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जिससे पुलिस बल की कार्यक्षमता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। नए हथियार के आने के बाद पुलिस और हाईटेक होगी और अपराधियों पर कार्रवाई भी तेज होगी।

विभागीय जानकारी के अनुसार, इशापुर राइफल फैक्ट्री से 9 एमएम सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल की खरीद की जाएगी। कुल 4000 पिस्टल दो चरणों में लिए जाएंगे। पहले चरण में 2500 और दूसरे चरण में 1500 पिस्टल शामिल होंगे। इनकी खरीद पर करीब 42 करोड़ 28 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण के लिए विशेष ब्लैंक गोलियों की भी व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। 7.62 एमएम की 60 हजार ब्लैंक गोलियां पुणे की खड़की फैक्ट्री से, जबकि 5.56 एमएम की 60 हजार गोलियां वरनगांव की फैक्ट्री से मंगाई जाएंगी।

ब्लैंक गोलियां प्रशिक्षण के लिए इस्तेमाल की जाती हैं। इनमें असली प्रोजेक्टाइल नहीं होता, बल्कि केवल गनपाउडर और कागज या प्लास्टिक का वाड होता है, जिससे फायरिंग के दौरान आवाज और रीकॉइल का अनुभव कराया जाता है। इस पहल से बिहार पुलिस को आधुनिक हथियारों से लैस किया जा सकेगा। जिससे अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका और अधिक प्रभावी होने की उम्मीद है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation