Dailyhunt
Bihar Politics: बिहार में सत्ता परिवर्तन का काउंटडाउन, DELHI में बीजेपी की कोर ग्रुप बैठक में CM फेस पर मंथन, आम सहमति बनाने की कोशिश शुरु,सत्ता का नया खेल शुरू!

Bihar Politics: बिहार में सत्ता परिवर्तन का काउंटडाउन, DELHI में बीजेपी की कोर ग्रुप बैठक में CM फेस पर मंथन, आम सहमति बनाने की कोशिश शुरु,सत्ता का नया खेल शुरू!

बिहार की सियासत में इन दिनों हलचल, सरगोशियां और सियासी बिसात तेज हो चुकी है। ऐसा लग रहा है कि सूबे में सत्ता परिवर्तन का काउंटडाउन शुरू हो गया है। चर्चा है कि अब तक सत्ता के सिपहसालार रहे नीतीश कुमार का दौर अपने आख़िरी पड़ाव पर है और बीजेपी अपने नए चेहरे को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाने की तैयारी में जुट गई है।

दिल्ली से लेकर पटना तक सियासी गलियारों में गहमागहमी बढ़ गई है। 10 अप्रैल को दिल्ली में बिहार बीजेपी कोर ग्रुप की अहम बैठक बुलाई गई है, जिसमें पार्टी के बड़े रणनीतिकार और दिग्गज नेता शामिल होंगे। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय समेत कई बड़े नाम मौजूद रहेंगे।

सूत्रों की मानें तो इस बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन होगा और कोशिश रहेगी कि आम सहमति से एक नाम तय कर लिया जाए। इसके बाद पार्टी आलाकमान अपनी अंतिम मुहर लगाएगा। फिर गठबंधन के साथियों को राज़ी-नाराज़ी के दौर से गुज़ारते हुए पटना में एनडीए विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री का ऐलान किया जाएगा।

राजनीतिक जानकारों की मानें तो इस सियासी दौड़ में फिलहाल सम्राट चौधरी सबसे आगे चल रहे हैं। अगर कोर ग्रुप की बैठक में कोई अड़चन या मतभेद नहीं हुआ, तो उनकी ताजपोशी लगभग तय मानी जा रही है। दिलचस्प बात यह है कि उनके नाम पर नीतीश कुमार और जेडीयू खेमे से भी कोई खास इख़्तिलाफ़ नहीं दिख रहा।

हालांकि, विपक्ष खासकर आरजेडी ने जिस तरह से सम्राट चौधरी के नाम को लेकर तंज़ और कटाक्ष किए हैं, उससे बीजेपी थोड़ी असहज जरूर नजर आ रही है। कुल मिलाकर बिहार की राजनीति इस वक्त एक ऐसे मोड़ पर खड़ी है, जहां हर चाल, हर बयान और हर बैठक आने वाले बड़े बदलाव की दास्तान लिख रही है। अब देखना यह है कि यह सियासी शतरंज किसके हक में मात देती है और किसे सत्ता की शह-मात मिलती है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation