Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Bihar Road Accident : आरा में नो एंट्री जोन में घुसे बेलगाम हाइवा ने स्कूटी को रौंदा, महिला की मौके पर हुई मौत, पति गंभीर रूप से हुआ जख्मी

Bihar Road Accident : आरा में नो एंट्री जोन में घुसे बेलगाम हाइवा ने स्कूटी को रौंदा, महिला की मौके पर हुई मौत, पति गंभीर रूप से हुआ जख्मी

भोजपुर जिले में बेलगाम रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला आरा शहर का है, जहां नो एंट्री जोन में अवैध रूप से घुसे एक अनियंत्रित हाइवा ट्रक ने स्कूटी सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी।

इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी पर पीछे बैठी महिला की घटनास्थल पर ही कुचलकर मौत हो गई। वहीं, उनके पति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।

मृतक महिला की पहचान नीतू देवी के रूप में हुई है। घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार, उनके पति सुधीर सिंह उर्फ टूना सिंह झारखंड के रांची कोर्ट में पुलिस के नोडल पदाधिकारी (नोडल ऑफिसर) के रूप में कार्यरत हैं। सुधीर सिंह अपनी पत्नी नीतू देवी के साथ बाजार से खरीदारी करने के बाद स्कूटी से मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कौशिक दुलारपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चंदवा सूर्य मंदिर के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। महिला की दर्दनाक मौत से आक्रोशित स्थानीय निवासियों और राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र भीड़ ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले हाइवा ट्रक में जमकर तोड़फोड़ की और उसे आग के हवाले करने का प्रयास किया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और जिला प्रशासन व पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी और हंगामा शुरू कर दिया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर में नो एंट्री के कड़े नियम होने के बावजूद पुलिस की लापरवाही के कारण भारी और बड़े वाहन धड़ल्ले से प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश कर रहे हैं। इन बेलगाम गाड़ियों के कारण आए दिन भीषण दुर्घटनाएं हो रही हैं और मासूम लोग अपनी जान गंवा रहे हैं, लेकिन प्रशासन इस पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। इसी मांग को लेकर प्रदर्शनकारी सड़क जाम कर वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने और नो एंट्री का सख्ती से पालन कराने की मांग पर अड़े रहे।

घटना की संवेदनशीलता और भारी हंगामे को देखते हुए नवादा और मुफस्सिल थाना समेत कई थानों की पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को किसी तरह शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर मामले की विस्तृत छानबीन और ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुट गई है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation