Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
BPSC AEDO Exam Scam: भाभा परमाणु रिसर्च सेंटर का कर्मचारी मुंबई से गिरफ्तार, EOU की जांच में बड़ा खुलासा

BPSC AEDO Exam Scam: भाभा परमाणु रिसर्च सेंटर का कर्मचारी मुंबई से गिरफ्तार, EOU की जांच में बड़ा खुलासा

बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने भाभा परमाणु रिसर्च सेंटर (BARC) मुंबई में कार्यरत टेक्निकल असिस्टेंट रौशन कुमार को गिरफ्तार किया है। रौशन पर बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) भर्ती परीक्षा में धांधली करने का गंभीर आरोप है।

आरोपी मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र स्थित ककरिया गांव का रहने वाला है।

अप्रैल 2026 में आयोजित AEDO परीक्षा में धांधली की शिकायतें मिलने के बाद जांच की जिम्मेदारी EOU को सौंपी गई थी। जांच में रौशन कुमार की संलिप्तता का खुलासा होने पर एएसपी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय विशेष टीम बनाई गई। टीम ने 3 अगस्त को मुंबई पहुंचकर ट्रॉम्बे स्थित BARC परिसर से रौशन को धर दबोचा। कानूनी प्रक्रिया के तहत उसे ट्रांजिट रिमांड पर पटना लाया जा रहा है।

EOU की जांच में एक चौंकाने वाली बात सामने आई है। 17 अप्रैल 2026 को नालंदा के सोहसराय स्थित पीएल साहू हाई स्कूल परीक्षा केंद्र पर रौशन मौजूद था। किसी को उस पर शक न हो, इसके लिए उसने अपनी पहचान छिपाई और परीक्षा सेंटर पर मोबाइल जैमर लगाने वाली कंपनी के स्टाफ की टी-शर्ट पहनकर भीतर घूमता रहा।

जानकारी के अनुसार, रौशन कुमार की नियुक्ति वर्ष 2025 में ही मुंबई स्थित प्रतिष्ठित भाभा परमाणु रिसर्च सेंटर (BARC) में टेक्निकल असिस्टेंट के पद पर हुई थी। वर्तमान में वह वहां अपनी ट्रेनिंग पूरी कर रहा था। केंद्र सरकार की इतनी प्रतिष्ठित संस्था में कार्यरत होने के बावजूद वह राज्य की भर्ती परीक्षा में सेटिंग और धांधली के खेल में शामिल था।

प्रारंभिक जांच में यह बात साफ हो गई है कि आरोपी ने फर्जी पहचान बनाकर परीक्षा केंद्र के सुरक्षा घेरे में सेंध लगाई थी। EOU की टीम अब रौशन से कड़ाई से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस धांधली में उसके साथ और कौन-कौन से बड़े सरगना या सॉल्वर गैंग शामिल थे। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation