Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
हाजीपुर में सनसनी: लापता ट्रक चालक का रेलवे ट्रैक के पास मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

हाजीपुर में सनसनी: लापता ट्रक चालक का रेलवे ट्रैक के पास मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

जिला मुख्यालय हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां तगौल रेलवे ट्रैक के पास से पुलिस ने एक व्यक्ति का संदिग्ध अवस्था में शव बरामद किया है। मृतक की पहचान पातेपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर डुमरा निवासी स्वर्गीय रामप्रवेश राय के 24 वर्षीय पुत्र वीरेंद्र कुमार राय के रूप में की गई है।

इस घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों और स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र कुमार राय पेशे से एक ट्रक चालक थे और गिट्टी-बालू ढोने का काम करते थे। बीते रविवार को वह अपने घर पर ट्रक खड़ा करने के बाद अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से हाजीपुर स्थित अपने ट्रक मालिक को करीब 40 से 50 हजार रुपये देने के लिए निकले थे। लेकिन वह रास्ते से ही रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए, जिसके बाद से घरवाले उनकी काफी खोजबीन कर रहे थे।

वीरेंद्र के लापता होने के बाद रविवार को ही गांव के मिडिल स्कूल के पास उनकी बुलेट मोटरसाइकिल लावारिस हालत में बरामद हुई थी, जिससे अनहोनी की आशंका और गहरा गई थी। इसके बाद मंगलवार की सुबह नगर थाना पुलिस को तगौल रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात शव होने की सूचना मिली। जब पुलिस ने शव की शिनाख्त की, तो वह वीरेंद्र कुमार राय का निकला, जिसके बाद तुरंत उनके परिवार वालों को सूचित किया गया।

घटना की सूचना पाकर सदर अस्पताल पहुंचे मृतक के दोस्त रंजीत कुमार राय और परिजनों ने आरोप लगाया है कि वीरेंद्र की बेरहमी से मारपीट कर हत्या की गई है। उनका कहना है कि शव की स्थिति को देखने से साफ तौर पर प्रतीत होता है कि यह सामान्य मौत या हादसा नहीं है, बल्कि अपराधियों ने रुपयों के लालच में या किसी रंजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया है और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया।

मामले के संबंध में नगर थाना अध्यक्ष सिकंदर कुमार ने बताया कि सुबह युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाया जा रहा है, जिसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिजनों की तरफ से लिखित आवेदन प्राप्त होते ही मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी जाएगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation