खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात फुलतोड़ा पुल के समीप हुई, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात हमलावरों ने युवक को गोली मार दी और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, जहां युवक गंभीर अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान जंगली पटेल (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पवन पटेल के पुत्र थे और ज्वालापुर वार्ड संख्या-23, पोस्ट मेघना, थाना अलौली के निवासी बताए गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, जंगली पटेल ज्वालापुर बस स्टैंड पर किरानी का काम करते थे।
घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं। सूचना मिलने पर अलौली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

