Dailyhunt
महादंगल में भारत का दबदबा: अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवा में दिल्ली के जॉन्टी गुजर ने ईरानी पहलवान को चटाई धूल

महादंगल में भारत का दबदबा: अनंत सिंह के पैतृक गांव नदवा में दिल्ली के जॉन्टी गुजर ने ईरानी पहलवान को चटाई धूल

Patna/Mokama - बाढ़ के नदवा गांव में मोकामा विधायक अनंत कुमार सिंह के पैतृक निवास पर आयोजित 'महादंगल' में आज एक बेहद दिलचस्प और ऐतिहासिक मुकाबला देखने को मिला। इस दंगल का मुख्य आकर्षण भारत और ईरान के पहलवानों के बीच हुई भिड़ंत रही।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर के इस मुकाबले को देखने के लिए भारी संख्या में कुश्ती प्रेमी उमड़े, जहाँ भारतीय मिट्टी के लाल ने विदेशी पहलवान को हराकर तिरंगे का मान बढ़ाया।

जॉन्टी गुजर ने ईरान के हलाल को दी शिकस्त

मैदान में जब भारत की ओर से दिल्ली के मशहूर पहलवान जॉन्टी गुजर और ईरान के नामी पहलवान हलाल आमने-सामने आए, तो पूरा नदवा तालियों की गड़गड़ाहट से गूँज उठा। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। लेकिन, जॉन्टी गुजर ने अपनी फूर्ती और दांव-पेच के आगे ईरानी पहलवान हलाल को टिकने नहीं दिया और अंततः उन्हें धूल चटाकर शानदार जीत हासिल की। जॉन्टी की इस जीत ने न केवल दंगल जीता, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया।

विधायक अनंत सिंह ने किया सम्मानित

प्रतियोगिता के समापन पर मोकामा विधायक अनंत सिंह और कर्मवीर सिंह ने विजेता जॉन्टी गुजर को 'विनर कप' प्रदान कर सम्मानित किया। विधायक अनंत सिंह ने पहलवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि खेल के मैदान में प्रतिभा का सम्मान होना चाहिए और ग्रामीण इलाकों में ऐसे आयोजनों से युवाओं को प्रेरणा मिलती है। ईरान से आए पहलवान को भी खेल भावना के लिए सराहा गया।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation