बिहार के मोतिहारी में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 4 लोगों की मौत हो गई है तो वहीं 6 लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है। इस मामले में अब पुलिस ने भी सख्त फैसला लिया है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने तुरकौलिया थानेदार उमाशंकर माझी को लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इसके पहले पुलिस ने एक चौकीदार को भी निलंबित किया था। वहीं अब इस मामले में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर बड़ा हमला बोला है।
तेजस्वी यादव ने ट्विट कर सरकार पर हमला बोला है और शराबबंदी को भ्रष्ट तंत्र के लिए कमाई का कमाउ पूत करार दिया है। तेजस्वी यादव ने लिखा कि, मोतिहारी में जहरीली शराब के कारण 4 लोगों की मौत, 6 लोगों की आंखों की रोशनी चले जाना और कई लोगों की हालत गंभीर होना अत्यंत दुखद है। यह घटना एक बार फिर एनडीए सरकार के शराबबंदी कानून की विफलता और उसकी गंभीर खामियों को उजागर करती है। हालांकि यह बिल्कुल भी पहली बार नहीं है।
तेजस्वी ने आंकड़ें को दिखाते हुए कहा कि, उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार शराबबंदी लागू होने के बाद से अब तक बिहार में जहरीली शराब से 1300 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। यह तो केवल सरकारी आंकड़ा है, हकीकत में यह संख्या इससे कहीं अधिक है। इतना ही नहीं, कई दर्जन लोग अपनी आंखों की रोशनी भी खो चुके हैं।
उन्होंने आगे कहा कि, शराबबंदी कानून का मूल उद्देश्य अब पूरी तरह भटक चुका है। यह कानून सत्ताधारी भाजपा-जदयू के कुछ नेताओं, भ्रष्ट अधिकारियों और उनके संरक्षण में पल रहे शराब माफियाओं व भ्रष्ट तंत्र के लिए कमाई का कमाऊ पूत बन गया है। बिहार में खुलेआम जहरीली शराब बन रही है, धड़ल्ले से पुलिस की मिलीभगत से बेची जा रही है, घर-घर होम डिलीवरी हो रही है। सरकार की नाक के नीचे यह सब चल रहा है और इसकी कीमत बिहार के गरीब और आम लोग अपनी जान देकर चुका रहे हैं।

