Dailyhunt
मुजफ्फरपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी: कई जिलों के लिए सिरदर्द बना कुख्यात पप्पू दास दो सहयोगियों संग गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी: कई जिलों के लिए सिरदर्द बना कुख्यात पप्पू दास दो सहयोगियों संग गिरफ्तार

बिहार के कई जिलों में लूट और हत्या जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की नाक में दम करने वाला कुख्यात अपराधी पप्पू दास आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। मुजफ्फरपुर जिले की सकरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पप्पू दास को उसके दो अन्य सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि यह अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था, लेकिन मुस्तैद पुलिस ने घेराबंदी कर उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान कुख्यात पप्पू दास के साथ सकरा निवासी दीपक कुमार और वैशाली जिले के महनार निवासी राजवीर सिंह को गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान अपराधियों के पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और लगभग 650 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने हथियारों और नशीले पदार्थों को जब्त कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सकरा थाने की पुलिस को अपराधियों के जमा होने की सटीक सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। पकड़ा गया पप्पू दास मूल रूप से सकरा थाना क्षेत्र के हरपुर गांव का निवासी है और वह मुजफ्फरपुर में पुनः किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार पप्पू दास का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उस पर पहले से ही हत्या एवं लूट जैसे आठ संगीन मामले दर्ज हैं। वह पिछले काफी समय से कई जिलों की पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। इसके साथ गिरफ्तार राजवीर सिंह का भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ वैशाली के महनार थाने में कई मामले दर्ज हैं।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने तीनों अपराधियों से थाने में गहन पूछताछ की, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने तीनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। इस गिरफ्तारी को मुजफ्फरपुर पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation