Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Mumbai rains: मुंबई में बारिश का कहर! 'मिसिंग लिंक' सुरंग में पानी भरने से बंद, 13 की मौत, स्कूल-कॉलेज भी बंद

Mumbai rains: मुंबई में बारिश का कहर! 'मिसिंग लिंक' सुरंग में पानी भरने से बंद, 13 की मौत, स्कूल-कॉलेज भी बंद

हाराष्ट्र की राजधानी मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। भारी बारिश के कारण सड़क, रेल और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है।

हालात को देखते हुए कई इलाकों में प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर कुछ सप्ताह पहले शुरू किए गए नए 'मिसिंग लिंक' मार्ग की एक प्रमुख सुरंग में तेज पानी का रिसाव शुरू हो गया है। सुरंग के अंदर जलभराव और संभावित खतरे को देखते हुए लोक निर्माण विभाग और यातायात पुलिस ने इस नए मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है।

सुरंग में पानी भरने की घटना के बाद विपक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। विपक्षी दलों ने मिसिंग लिंक परियोजना में कथित भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं और इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। इसी बीच, शिवसेना (यूबीटी) के विधान परिषद सदस्य अंबादास दानवे ने मिसिंग लिंक के कैरिजवे पर कंक्रीट का खंभा गिरने की घटना को गंभीर बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। लगातार बारिश का असर रेलवे पर भी पड़ा है। कर्जत के पास भूस्खलन होने से मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर मलबा जमा हो गया है। सुरक्षा कारणों से प्रशासन ने दोनों शहरों के बीच चलने वाली सभी रेल सेवाओं को फिलहाल रोक दिया है। रेलवे की टीमें ट्रैक से मलबा हटाने में जुटी हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण काम प्रभावित हो रहा है।

पूर्वी मुंबई के मानखुर्द इलाके में भारी बारिश के बीच एक तीन मंजिला चाल गिर गई। इस हादसे में मलबे के नीचे दबकर छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में पिछले 24 घंटे के दौरान पूरे महाराष्ट्र में अब तक 13 लोगों की मौत की खबर है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने नासिक में मंगलवार को बादल फटने और करीब 300 मिलीमीटर तक बारिश होने की आशंका जताई है।

मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने मुंबई के सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद रखने का आदेश दिया है। मुंबई के हिंदमाता, सायन, कुर्ला और अंधेरी जैसे निचले इलाकों में कई फीट तक पानी भर गया है। लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण पिछले तीन दिनों में शहर में 250 से अधिक पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। जलभराव के कारण मुंबई की लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है और लोग घंटों तक वाहनों में फंसे रहे।

मुंबई से दिल्ली के बीच चलने वाली राजधानी एक्सप्रेस सहित कई लंबी दूरी की ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं। भारी बारिश को देखते हुए महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदनों की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई। विधानसभा में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह एक अप्रत्याशित प्राकृतिक स्थिति है, जो मानव नियंत्रण से बाहर है। उन्होंने लोगों से गैरजरूरी यात्रा से बचने और भारी बारिश के दौरान जलप्रपातों तथा पर्यटन स्थलों पर नहीं जाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने निजी कंपनियों से भी मानवीय आधार पर कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो संस्थान इस दिशा-निर्देश का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मुंबई की महापौर ऋतु तावड़े ने भी नागरिकों से केवल अत्यंत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation