भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। खरीक थाना क्षेत्र के एनएच-31 पर खरीक चौक के पास ट्रक और मिनी ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और कुछ ही देर में वे पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
इस हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे किसी तरह बाहर निकाला और पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गिट्टी से लदा ट्रक भागलपुर से खगड़िया की ओर जा रहा था, जबकि सामने से आ रही मिनी ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद लगी आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के कारण नवगछिया-खगड़िया मार्ग पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस और नवगछिया से पहुंची अग्निशमन टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और धीरे-धीरे यातायात बहाल किया गया।
खरीक थाना अध्यक्ष नरेश ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

