Dailyhunt
परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल: 17 अधिकारियों को प्रमोशन, ADTO-MVI को मिला DTO का प्रभार, देखिए लिस्ट

परिवहन विभाग में बड़ा फेरबदल: 17 अधिकारियों को प्रमोशन, ADTO-MVI को मिला DTO का प्रभार, देखिए लिस्ट

बिहार सरकार के परिवहन विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा निर्णय लेते हुए 17 अधिकारियों को प्रमोशन दिया है। इनमें 12 अपर जिला परिवहन पदाधिकारी (ADTO) और 5 मोटरयान निरीक्षक (MVI) शामिल हैं।

प्रमोशन के बाद इन सभी अधिकारियों को जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) के समकक्ष पद और जिम्मेदारी सौंपी गई है।

परिवहन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, यह नियुक्ति अस्थायी रूप से कार्यकारी प्रभार के तहत की गई है। सभी चयनित अधिकारियों को वेतन स्तर-9 के तहत पदस्थापित किया गया है और उन्हें जिला परिवहन पदाधिकारी एवं समकक्ष स्तर की जिम्मेदारी दी गई है। प्रमोट किए गए अधिकारियों में विभिन्न जिलों में कार्यरत अपर जिला परिवहन पदाधिकारी और मोटरयान निरीक्षक शामिल हैं। इनमें सीवान, पटना, कटिहार, भागलपुर, औरंगाबाद, मुजफ्फरपुर, नालंदा, भोजपुर, रोहतास, मधुबनी, सारण और वैशाली जैसे जिलों के अधिकारी प्रमुख हैं।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, यह फैसला प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी और सुचारू बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। लंबे समय से लंबित मामलों के निष्पादन, परिवहन व्यवस्था में सुधार और राजस्व संग्रह बढ़ाने के लिए अनुभवी अधिकारियों को उच्च जिम्मेदारी दी गई है। अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारी अपने वर्तमान पद पर कार्यरत रहते हुए अगले आदेश तक जिला परिवहन पदाधिकारी के समकक्ष कार्य करेंगे। साथ ही, उन्हें इस अतिरिक्त प्रभार का आर्थिक लाभ भी दिया जाएगा।

विशेष बात यह है कि प्रमोट किए गए 17 अधिकारियों में से 5 मोटरयान निरीक्षक हैं, जिन्हें सीधे इस स्तर पर जिम्मेदारी दी गई है। इसे विभाग में कार्यकुशलता और अनुभव को प्राथमिकता देने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation