Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
पटना में बेखौफ अपराधियों का तांडव: दुकान में घूसकर दुकानदार को मारी गोली, हालत गंभीर

पटना में बेखौफ अपराधियों का तांडव: दुकान में घूसकर दुकानदार को मारी गोली, हालत गंभीर

राजधानी पटना में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। बेखौफ बेलागाम अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए दीघा थाना क्षेत्र में एक दुकानदार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय दुकानदारों व आम लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना दीघा थाना क्षेत्र स्थित गेट नंबर 95 के पास की है। घटना के शिकार युवक की पहचान सुरेंद्र राम के रूप में हुई है, जो स्थानीय स्तर पर गैस चूल्हा रिपेयरिंग की दुकान चलाता है। बताया जा रहा है कि रोज की तरह वह अपनी दुकान पर काम कर रहा था, तभी अज्ञात अपराधियों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी और मौके से फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग और अन्य दुकानदार तुरंत मौके की ओर दौड़े। लहूलुहान अवस्था में सुरेंद्र राम को स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक खून बह जाने और गोली लगने के कारण युवक की स्थिति चिंताजनक और गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही दीघा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है ताकि हमलावर अपराधियों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्ते का सुराग मिल सके।

वारदात के कारणों का फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कोई पुरानी आपसी रंजिश थी या फिर मामला रंगदारी से जुड़ा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही अपराधियों को चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation