Dailyhunt
पटना में 'स्पेशल 26' स्टाइल में लूट: कस्टम अधिकारी बनकर गुजरात के स्वर्ण व्यवसायी से लूटा सोना

पटना में 'स्पेशल 26' स्टाइल में लूट: कस्टम अधिकारी बनकर गुजरात के स्वर्ण व्यवसायी से लूटा सोना

Patna : राजधानी पटना में अपराधियों ने पुलिस और प्रशासन का खौफ खत्म करते हुए खुद को कस्टम अधिकारी बताकर एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गुजरात से ट्रेन के जरिए सोने की सप्लाई लेकर पटना पहुंचे राजकोट के एक स्वर्ण व्यवसायी को अपराधियों ने निशाना बनाया।

जैसे ही कारोबारी दानापुर स्टेशन पर ट्रेन से उतरा, अपराधियों ने उसे अपनी पहचान 'कस्टम ऑफिसर' के रूप में दी और जांच के बहाने उसे जबरन गाड़ी में बिठाकर खगौल लख पर ले गया।

लूट की वारदात और बंधक

व्यवसायी को गाड़ी में बिठाने के बाद अपराधियों ने उसे पूरी तरह अपने कब्जे में ले लिया। वाहन के अंदर ही डरा-धमकाकर उन्होंने कारोबारी के पास मौजूद सोने की पूरी खेप लूट ली। पीड़ित व्यवसायी को भनक तक नहीं लगी कि वह असली अधिकारियों के नहीं, बल्कि शातिर लुटेरों के चंगुल में फंस चुका है। लुटेरे घटना को अंजाम देने के दौरान काफी पेशेवर नजर आ रहे थे, जिससे पीड़ित शुरू में विरोध भी नहीं कर सका।

नौबतपुर में व्यवसायी को फेंका

लूट की घटना को अंजाम देने के बाद, अपराधी पीड़ित कारोबारी को शहर से दूर नौबतपुर नहर के समीप ले गए। वहां उन्होंने व्यवसायी को चलती गाड़ी से नीचे उतार दिया और तेजी से फरार हो गए। सुनसान इलाका होने के कारण अपराधी आसानी से सुरक्षित भाग निकलने में कामयाब रहे। सड़क किनारे फेंके जाने के बाद पीड़ित ने किसी तरह स्थानीय लोगों और पुलिस से संपर्क साधा।

पुलिस जांच और सुरक्षा पर सवाल

इस घटना ने पटना की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में जहां भारी पुलिस बल तैनात रहता है। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अपराधियों की पहचान के लिए स्टेशन व संभावित रास्तों के CCTV फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि यह किसी पेशेवर गिरोह का काम हो सकता है जिसे कारोबारी के आने की सटीक जानकारी पहले से थी। सूत्रों का दावा है कि कारोबारी के पास कई किलो सोना था । जबकि पुलिस कुछ सौ ग्राम सोना बता रही है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation