पटना के अति-व्यस्त बोरिंग कैनाल रोड स्थित पश्चिम आनंदपुरी में मोनिका अपार्टमेंट के पीछे नाले पर एक बड़ा विवाद का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह विवाद मंगलवार रात से ही काफी गरमाया हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन स्थिति शांत होने के बजाय तनातनी और बढ़ती चली गई।
बुधवार की सुबह यह विवाद इतना भयानक रूप ले बैठा कि दोनों पक्षों की ओर से हिंसक झड़प शुरू हो गई। देखते ही देखते इलाके में ईंट-पत्थर चलने लगे और जमकर लाठियां बरसाई गईं। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बेखौफ लोग महिलाओं, बेटियों और बहनों पर बेहद बर्बरता से लाठियां चलाते और हमला करते दिख रहे हैं।
घटना के दौरान वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने पूरी वारदात का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। वीडियो में महिलाओं पर हो रहे इस अत्याचार और प्रशासनिक नाकामी को देखकर आम जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। रात में पुलिस के आने के बावजूद सुबह इतनी बड़ी घटना का घट जाना सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
इस पूरी घटना के बाद पीड़ित पक्ष और स्थानीय लोग आरोपियों पर तुरंत और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल मामला उजागर होने के बाद पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि महिलाओं पर हमला करने वाले दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

