Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
Patna School Student Death: पटना के स्कूल में छात्र की संदिग्ध मौत से बवाल,पिटाई का इल्ज़ाम, स्कूल में तोड़फोड़

Patna School Student Death: पटना के स्कूल में छात्र की संदिग्ध मौत से बवाल,पिटाई का इल्ज़ाम, स्कूल में तोड़फोड़

राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र स्थित कुर्जी गेट नंबर-77 के पास संचालित होली फेथ इंटरनेशनल स्कूल में आठवीं कक्षा के 12 वर्षीय छात्र राजवीर राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया।

इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने स्कूल परिसर में तोड़फोड़ की, सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मृतक राजवीर कुर्जी गेट नंबर-80 का रहने वाला था। उसके पिता नीरज राय, जो टेंट हाउस का कारोबार करते हैं, ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि स्कूल में उनके बेटे की पिटाई की गई, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में दीघा थाने में स्कूल संचालक सुधीर सिंह, प्रिंसिपल आशा राय और अन्य अज्ञात शिक्षकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

नीरज राय ने बताया कि राजवीर पिछले करीब नौ वर्षों से उसी स्कूल में पढ़ रहा था। सोमवार सुबह वह रोज की तरह नाश्ता कर हंसते-मुस्कुराते स्कूल गया था। दोपहर करीब 12 बजे स्कूल से फोन आया कि उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई है। जब वे पत्नी के साथ स्कूल पहुंचे तो पता चला कि बच्चे को कुर्जी स्थित होली फैमिली अस्पताल भेज दिया गया है। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि बेटा ऑटो पर लेटा हुआ था और उल्टी के दौरान उसके मुंह से खून निकल रहा था। बाद में गंभीर हालत में उसे कंकड़बाग स्थित जीवक हार्ट अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे उसकी मौत हो गई।

दूसरी ओर, स्कूल संचालक सुधीर सिंह ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि घटना के समय स्पोर्ट्स पीरियड चल रहा था। क्लास टीचर की छुट्टी होने के कारण बच्चे मैदान में खेल रहे थे। इसी दौरान राजवीर अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। स्कूल प्रशासन ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और उसे अस्पताल पहुंचाया।

जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। स्कूल परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद घटना के समय कोई भी कैमरा चालू नहीं था। इससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया है। वहीं यह भी सामने आया कि स्कूल जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय में पंजीकृत नहीं है, उसे आवश्यक एनओसी भी प्राप्त नहीं है। वर्ष 2022-23 के बाद से स्कूल ने यू-डायस पोर्टल पर छात्रों का डेटा भी अपलोड नहीं किया, जिसके कारण उसका यू-डायस पोर्टल बंद कर दिया गया था।

उधर, जीवक हार्ट अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि राजवीर का हृदय केवल 25 प्रतिशत क्षमता से काम कर रहा था और उसके हार्ट का वाल्व भी लीक कर रहा था। डॉक्टरों के अनुसार, ऐसी गंभीर स्थिति में मरीज को बचाना बेहद कठिन था। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगी।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं—कथित पिटाई, चिकित्सीय स्थिति, स्कूल प्रबंधन की भूमिका और प्रशासनिक अनियमितताओं को आधार बनाकर तफ्तीश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation