Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
प्रेम प्रसंग का खूनी अंजाम,  प्रेमिका की हत्या के बाद 6 साल के मासूम को भी नहीं बख्शा, कलेजा कांप जाएगा...

प्रेम प्रसंग का खूनी अंजाम, प्रेमिका की हत्या के बाद 6 साल के मासूम को भी नहीं बख्शा, कलेजा कांप जाएगा...

मुजफ्फरपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। प्रेम प्रसंग के विवाद में एक सनकी प्रेमी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर उसके 6 वर्षीय मासूम बेटे को भी मौत के घाट उतार दिया।

पांच दिन पहले एनटीपीसी के पीछे झाड़ियों से महिला का शव मिलने के बाद शुरू हुई पुलिस जांच ने इस दोहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी के पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि प्रेमी समेत अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। यह सनसनीखेज मामला कांटी थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान नरसंडा गांव निवासी मंजू कुमारी के रूप में हुई। पांच दिन पहले एनटीपीसी प्लांट के पीछे झाड़ियों से उसका शव बरामद हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा और एसडीपीओ (पश्चिमी) सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में विशेष जांच शुरू की।

तफ्तीश में सामने आया कि मंजू कुमारी का अपने पड़ोसी गांव विशुनपुर सुमेर निवासी विकास पासवान के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। बाद में मंजू की शादी हो गई और वह अपने परिवार के साथ रहने लगी। शादी और बच्चे के जन्म के बाद भी विकास इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर सका और इसी रंजिश में उसने कथित तौर पर अपने साथियों के साथ साजिश रची।पुलिस के अनुसार, विकास ने मंजू को मिलने के बहाने बुलाया। वहां पहले उसकी हत्या कर दी गई और फिर शव को एनटीपीसी के पीछे झाड़ियों में फेंक दिया गया। वारदात के बाद मंजू का 6 वर्षीय बेटा आर्यन भी लापता हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। शनिवार देर शाम मासूम का शव भी बरामद कर लिया गया, जिससे पूरे मामले ने और भी भयावह रूप ले लिया।

पीड़ित परिवार के बयान पर छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास पासवान के पिता हरी पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि मुख्य आरोपी विकास और उसके अन्य सहयोगी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

एसडीपीओ सुचित्रा कुमारी ने बताया कि महिला की हत्या की जांच के दौरान पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। महिला के लापता बेटे की तलाश जारी थी, जिसके बाद उसका शव भी बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। एक प्रेम प्रसंग का अंत जिस तरह मां और मासूम बेटे की हत्या के रूप में हुआ, उसने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation