Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
सासाराम में सनसनी: मायके में रह रही दो बच्चों की मां ने लगाई फांसी, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

सासाराम में सनसनी: मायके में रह रही दो बच्चों की मां ने लगाई फांसी, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

बिहार के रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र से एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां डुमरा गांव में मायके में रह रही एक 24 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

मृतका की पहचान पूनम देवी के रूप में हुई है, जो पिछले कई वर्षों से अपने मायके में ही रह रही थी। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

स्थानीय सूत्रों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, इस आत्मघाती कदम के पीछे मुख्य वजह पारिवारिक कलह बताई जा रही है। मृतका पूनम देवी का ससुराल पड़ोसी जिले कैमूर के भगवानपुर थाना क्षेत्र के पररी गांव में था। वह रामुन पासवान की पत्नी थी, लेकिन किन्हीं पारिवारिक कारणों और मतभेदों की वजह से वह काफी समय से अपने मायके डुमरा गांव में ही रह रही थी।

पूनम देवी के इस आत्मघाती कदम से उसके दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है। मृतका का एक तीन साल का बेटा और महज पांच महीने की एक दुधमुंही बेटी है। स्थानीय लोग इस बात से बेहद मर्माहत हैं कि दो छोटे-छोटे बच्चों की मां होने के बावजूद आखिर ऐसी क्या परिस्थिति रही होगी कि पूनम ने इतना खौफनाक कदम उठा लिया।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि पूनम देवी ने खुद को घर के एक कमरे में बंद कर लिया और फांसी के फंदे से झूल गई। काफी देर तक हलचल न होने पर जब परिजनों को शक हुआ, तो उन्होंने शोर मचाया। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा तोड़ा गया और उसे फंदे से नीचे उतारा गया।

दरवाजा तोड़ने के बाद परिजन आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल भागे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल लाने से पहले ही वह दम तोड़ चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही करगहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन तफ्तीश में जुट गई है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation