Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
सती स्थान और रास्ते के विवाद को लेकर भारी बवाल: पुलिस प्रशासन के सामने भिड़े दो पक्ष, इलाके मे पुलिस बल तैनात

सती स्थान और रास्ते के विवाद को लेकर भारी बवाल: पुलिस प्रशासन के सामने भिड़े दो पक्ष, इलाके मे पुलिस बल तैनात

जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सती स्थान को हटाकर रास्ता निकालने के मुद्दे पर दो पक्षों के बीच भारी बवाल हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में ही दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और उनके बीच तीखी धक्का-मुक्की हुई।

घटना सदर थाना क्षेत्र के चंद्रालय गांव की है, जहां माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई थानों की पुलिस बल के साथ सदर एसडीएम मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामले को शांत कराया।

एक पक्ष के ग्रामीणों का आरोप है कि सती स्थान वर्षों से पूरे गांव की आस्था का केंद्र रहा है और लोग इससे धार्मिक रूप से जुड़े हुए हैं। उनका कहना है कि सती स्थान के पीछे रहने वाला एक व्यक्ति रास्ते के नाम पर मंदिर को पूरी तरह से तोड़कर जमीन पर कब्जा करना चाहता है। ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने आवागमन के लिए स्थान के बगल से रास्ता दिया था, लेकिन इसके बावजूद पहले सती स्थान को क्षतिग्रस्त किया गया और अब उसके पूरे अस्तित्व को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, दूसरे पक्ष के चंदन कुमार का कहना है कि यह दलित बस्ती का मामला है, जहां लगभग दो सौ लोग निवास करते हैं और उनके लिए आने-जाने का कोई उचित रास्ता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव में सवर्ण समाज की संख्या अधिक होने के कारण वे दलितों को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। चंदन के अनुसार, यह जमीन सरकारी है और वे मंदिर को थोड़ा खिसका कर रास्ता देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सवर्ण समाज के लोग रास्ता नहीं देना चाहते और अक्सर गाली-गलौज व मारपीट करते हैं।

इस पूरे विवाद के कारण गांव में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है और किसी भी वक्त अप्रिय घटना की आशंका जताई जा रही है। मौके पर मौजूद सदर एसडीएम रामबाबू बैठा ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि रास्ते को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था, जिसे फिलहाल समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि अंचल प्रशासन द्वारा जमीन की नापी कराई जाएगी और नियमानुसार मामले का निष्पादन किया जाएगा।

एसडीएम रामबाबू बैठा ने स्पष्ट किया कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई के लिए दोनों पक्षों को प्रशासनिक नोटिस जारी कर दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और शांति भंग करने वाले किसी भी दोषी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात रखा गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation