Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
वैशाली में अपराधियों का तांडव, बुजुर्ग की आंख में गोली मारकर हत्या, गांव में तनाव

वैशाली में अपराधियों का तांडव, बुजुर्ग की आंख में गोली मारकर हत्या, गांव में तनाव

वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड में रास्ते के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पूर्वी पंचायत में शनिवार सुबह बदमाशों ने एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी।

घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए जुड़ावनपुर और राघोपुर थाना की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है और हालात पर लगातार नजर रखे हुए है।

मृतक की पहचान हरबंसू राय (70 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, हरबंसू राय और उनके पड़ोसी श्याम नंदन राय के बीच लंबे समय से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि श्याम नंदन राय ने रास्ते पर अपना मकान बना लिया था, जबकि हरबंसू राय ने उस स्थान को पिलर लगाकर घेर दिया था। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद होता रहा था।

शनिवार सुबह एक बार फिर रास्ते के मुद्दे पर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि गोलीबारी हो गई। आरोप है कि बदमाशों ने हरबंसू राय की आंख में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों ने इस हत्याकांड के लिए श्याम नंदन राय, राजा राम राय और करू राय पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

वैशाली के पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बताया कि एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की सूचना मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं से घटना की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है और कानून के अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation