Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story
वैशाली में बेखौफ अपराधियों का तांडव: कॉलेज फीस जमा करने जा रहे छात्र को गोली मारकर लूटे 2 लाख रुपये

वैशाली में बेखौफ अपराधियों का तांडव: कॉलेज फीस जमा करने जा रहे छात्र को गोली मारकर लूटे 2 लाख रुपये

जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सरैया घाट और मेहसी के बीच अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया है। दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधियों ने कॉलेज की फीस भरने जा रहे एक छात्र को घेरकर 5 से 6 राउंड अंधाधुंध फायरिंग की।

अपराधियों ने छात्र के दोनों पैरों में गोली मारकर उससे 2 लाख रुपये नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।

पीड़ित छात्र की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मोहनपुर निवासी धनराज कुमार के रूप में हुई है। धनराज मुजफ्फरपुर स्थित एल० एन० मिश्रा कॉलेज (L N Mishra College) में मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रहा है। कॉलेज की फीस जमा करने के लिए वह वैशाली के बलिगांव में रहने वाले अपने एक दोस्त से 2 लाख रुपये कर्ज लेकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सरैया घाट और मेहसी के बीच घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उसे निशाना बनाया।

घटना के दौरान अपराधियों की गोलियों से धनराज के दोनों पैर बिंध गए, जिससे वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। इसके बाद अपराधी दो लाख रुपये लेकर आसानी से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को तुरंत मुजफ्फरपुर के सदर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच (SKMCH) मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया, जहाँ फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

दिनदहाड़े हुई इस भीषण लूट और गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर बलिगांव थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News4Nation