हमीरपुर, उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मौदहा क्षेत्र में लगातार तीन बेटियों के जन्म के बाद कथित रूप से पारिवारिक तानों से परेशान एक महिला ने अपनी बड़ी बेटी के साथ जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया।
दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि मौदहा क्षेत्र के बिहरका गांव निवासी श्यामबाबू की पत्नी सुशीला ने लगातार तीन बेटियों को जन्म दिया है। उनकी बड़ी बेटी निधि (4), दूसरी बेटी शशि (3) और सबसे छोटी बेटी करीब डेढ़ माह की है।
बताया जा रहा है कि लगातार तीन बेटियों के जन्म को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और महिला को ताने सुनने पड़ते थे। शनिवार दोपहर घर में अकेली होने पर सुशीला ने पहले अपनी बड़ी बेटी निधि को जहरीला पदार्थ खिलाया और फिर स्वयं भी उसका सेवन कर लिया। दोनों की हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मौदहा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में दोनों का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
