Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

जनहित के कार्यो में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डिंपल यादव

News85 1 day ago

मैनपुरी, जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद डिंपल यादव ने विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक आसानी से पहुंचाया जाए तथा जनहित के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में सांसद ने विद्युत आपूर्ति, जल जीवन मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेंशन योजनाओं, स्वयं सहायता समूहों, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, ग्रामीण सड़कों, आलू खरीद तथा कृषि विभाग की योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिन गांवों में जल जीवन मिशन के कार्य पूर्ण हो चुके हैं, वहां सड़कों और सीसी रोड की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए। साथ ही ग्राम पंचायतों में कृषि गोष्ठियां आयोजित कर किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाए।

मनरेगा योजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जनपद में लक्ष्य के सापेक्ष 5.13 लाख मानव दिवस सृजित किए जा चुके हैं और योजना मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर ए-श्रेणी में शामिल है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत अब तक 10,696 स्वयं सहायता समूह गठित किए जा चुके हैं।

बैठक में बताया गया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत वृद्धावस्था, निराश्रित महिला एवं दिव्यांगजनों को लाभान्वित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत 23 हजार से अधिक आवास पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में निर्धारित लक्ष्य से अधिक लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया गया है।

बैठक में ग्रामीण संपर्क मार्गों की गुणवत्ता, आलू खरीद व्यवस्था तथा किसानों को फसल बीमा एवं अग्निकांड सहायता उपलब्ध कराने के विषय पर भी चर्चा हुई।

जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गए सुझावों और निर्देशों का गंभीरता से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण कर अगली बैठक में अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में विधायकगण, जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News85