Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

पदक जीतिए, सरकारी नौकरी में मिलेगी प्राथमिकता: CM योगी

News85 5 days ago

खनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित 'जनता दर्शन' में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया, पारिवारिक विवाद लेकर आए लोगों की काउंसिलिंग की और राजस्व तथा पुलिस से जुड़े मामलों में लापरवाही पर अधिकारियों के प्रति सख्त रुख अपनाया।

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वे पूरी मेहनत और लगन से खेलें, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि के साथ सरकारी नौकरियों में भी प्राथमिकता दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कई खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी, तहसीलदार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति दी है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा, “आप पदक जीतिए, सरकार आपको सम्मान के साथ नौकरी भी देगी, लेकिन इसके लिए पूरी मेहनत करनी होगी।”

जनता दर्शन में पारिवारिक विवाद से जुड़े मामलों पर मुख्यमंत्री ने संबंधित पक्षों की काउंसिलिंग करते हुए कहा कि ऐसे विवादों का समाधान परिवार के भीतर बैठकर आपसी संवाद से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि निजी मामलों में बाहरी लोगों की अनावश्यक दखलंदाजी से विवाद और बढ़ते हैं तथा इसका सबसे अधिक प्रतिकूल प्रभाव बच्चों पर पड़ता है।

इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें भी मुख्यमंत्री के समक्ष आईं। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से पूछा कि संबंधित अधिकारियों को शिकायत दिए कितना समय हो चुका है। मामलों के लंबित रहने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि समयसीमा के भीतर शिकायतों का निस्तारण नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को हीलाहवाली समाप्त कर जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में अपने अभिभावकों के साथ आए बच्चों से भी आत्मीयता से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनका नाम और कक्षा पूछी, उन्हें चॉकलेट भेंट की तथा मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़कर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने का आशीर्वाद दिया।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों से एक-एक कर मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News85