वाराणसी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं शिक्षा सुधार अभियानकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में सोमवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्रों ने प्रदर्शन किया। वहीं, काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सिंह द्वार पर छात्रों और समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदर्शन के आह्वान के मद्देनजर कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई हैं।
पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों और सपा कार्यकर्ताओं को सिंह द्वार तक पहुंचने से पहले ही विभिन्न स्थानों पर रोक दिया। काशी विद्यापीठ परिसर में भी एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया। प्रॉक्टोरियल बोर्ड के साथ सिगरा थाने की पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
विद्यापीठ में प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र आयुष यादव ने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक की घटनाएं हो रही हैं और सरकार छात्रों तथा युवाओं की आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में छात्र-युवा अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे हैं।
समाजवादी छात्र सभा के नेता विवेक ने कहा कि छात्रों की मांगों के समर्थन में सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर रहे हैं और अन्य कई छात्र भी अनशन कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्र अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से रखना चाहते हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन उन्हें रोकने का काम कर रहे हैं। पुलिस का कहना हैं कि किसी भी प्रकार के प्रदर्शन को लेकर अनुमति नहीं ली गई हैं।
