Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

उत्तर प्रदेश में 'लू' का 'कर्फ्यू', जल्द पड़ेंगी फुहारें

News85 1 day ago

खनऊ, उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार जारी है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भीषण लू तथा पश्चिमी हिस्सों में तेज धूलभरी हवाओं और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है।

इस बीच प्रचंड गर्मी और लू से शनिवार को भी लोग बेहाल रहे। सुबह 11 बजे से सड़कों पर आमतौर पर सन्नाटा पसर गया। सड़कों पर यातायात सामान्य से काफी कम रहा। इस दौरान व्यवसायिक गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हुयी हैं हालांकि सड़क किनारे बेल का शर्बत,आम का पना, गन्ने का रस,लस्सी,नीबूं पानी और कोल्ड ड्रिंक्स बेचने की पौ बारह रहीं। प्रदेश के अधिसंख्य इलाकों में लू का असर रात को भी दिखने लगा है। गर्म हवायें रात को भी सता रही है।

मौसम के तल्ख मिजाज के बीच राज्य में बिजली की मांग पीक आवर्स में 30 हजार मेगावाट से अधिक पहुंचने लगी है। बिजली विभाग मांग और आपूर्ति में तालमेल बैठाने के लिये पुरजोर कोशिश कर रहा है मगर जर्जर ट्रांसफार्मरों और केबिलों के दगा देने से कई इलाकों में बिजली की आवाजाही लगातार बनी हुयी है। बिजली की किल्लत से परेशान कुछ स्थानों पर विद्युत उपकेंद्रों पर उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच नोकझोंक आम होती जा रही है।

गर्मी और लू के चलते बीमारियों ने भी पांव पसारना शुरु कर दिया है, नतीजन अस्पतालाें और नर्सिंग होम्स में मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय इजाफा हुआ है। इनमें से अधिकांश मरीज डिहाइड्रेशन,बुखार के थे। चिकित्सकों ने सलाह दी है कि गर्मी को देखते हुये तेल मसाला युक्त भोजन,बासी भोजन,फास्ट फूड आदि से परहेज करें। भूख से कुछ कम खायें और खीरा,ककड़ी,पपीता, खरबूजा और तरबूज आदि फल भरपूर मात्रा में लें।

मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा शनिवार को जारी दैनिक मौसम पूर्वानुमान बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा, जबकि तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर भीषण गर्मी का असर बना रहा और रात के तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बताया कि 23 और 24 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति झोंकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के साथ लू से भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

पूर्वानुमान के अनुसार 25 से 27 मई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लू तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने गर्म रात (वार्म नाइट) की भी चेतावनी जारी की है। 28 और 29 मई को पश्चिमी एवं पूर्वी दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, हालांकि कई इलाकों में लू का असर जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा तेज धूप से बचाव करने की सलाह दी है।

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: News85