नेपाल में मुस्लिमों की नो एंट्री के दावे से एक पोस्ट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि अब नेपाल में प्रवेश करने के लिए मुस्लिमों को वीजा लेना होगा, जबकि हिन्दुओं की एंट्री फ्री है।
कई सोशल मीडिया यूजर्स कह रहे हैं कि नेपाल के पीएम बालेन शाह ने बयान दिया है कि वह भारतीय मुस्लिमों को नेपाल में नहीं घुसने देंगे। पोस्ट का आर्काइव यहां देखें। ऐसे अन्य पोस्ट्स यहां, यहां और यहां देखें।
Instagram/@guddu_000005Fact Check/Verification
नेपाल में मुस्लिमों की नो एंट्री का दावा करने वाले पोस्ट की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड्स को गूगल पर सर्च किया। इस दौरान हमें इस दावे से संबंधित कोई विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। यदि नेपाल की सरकार या वहां के पीएम बालेन शाह द्वारा इस तरह की कोई घोषणा की गई होती, तो यह देश दुनिया की एक बड़ी खबर बनती।
इसके बाद हमने नेपाल के पीएम बालेन शाह के सोशल मीडिया अकाउंट्स को स्कैन किया। यहां भी हमें वायरल दावे से संबंधित कोई पोस्ट नहीं मिला।
दावे की पड़ताल के लिए हमने नेपाल सरकार की इमिग्रेशन विभाग की वेबसाइट को खंगाला। इस दौरान हमें नेपाल के गृह मंत्रालय के इमिग्रेशन डिपार्टमेंट की वेबसाइट पर भारतीय नागरिकों के नेपाल यात्रा से जुड़ी एक गाइडलाइन मिली। यहां बताया गया है कि नेपाल यात्रा के दौरान भारतीयों के लिए कौन से पहचान पत्र मान्य हैं।
वेबसाइट पर बताया गया है कि यात्रा के दौरान यात्री के पास वैध राष्ट्रीय पासपोर्ट, भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदाता पहचान पत्र, काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास द्वारा जारी इमरजेंसी सर्टिफिकेट या काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास द्वारा जारी पहचान प्रमाण पत्र होना चाहिए। इसके अलावा, गाइडलाइन में बच्चों और बुजुर्गों की यात्रा से जुड़े पहचान पत्र को लेकर भी जानकारी दी गई है। यहां धर्म या वीजा को लेकर किसी प्रकार की कोई बात नहीं लिखी गई है।
Courtesy/ https://immigration.gov.np/इसके अलावा, नेपाल इमिग्रेशन विभाग की वेबसाइट पर स्पष्ट किया गया है कि भारतीय नागरिकों के नेपाल में प्रवेश करने के लिए किसी भी तरहं के वीज़ा की जरूरत नहीं होती। यहां भी नेपाल में भारतीयों के प्रवेश को लेकर किसी धर्म विशेष का उल्लेख नहीं किया गया है।
Courtesy/ tia.immigration.gov.npवायरल दावे की पड़ताल के दौरान हमने काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास की वेबसाइट को भी खंगाला। यहां भी स्पष्ट किया गया है कि भारतीय नागरिकों को नेपाल जाने के लिए वैध पासपोर्ट या फिर निर्वाचन कार्ड की जरूरत होती है।
Courtesy/indembkathmandu.gov.inवायरल दावे की पड़ताल के दौरान हमने नेपाल के इमिग्रेशन विभाग के निदेशक और प्रवक्ता टिकाराम ढकाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि “भारतीय और नेपाली नागरिक पहले से चले आ रहे नियमों और परंपराओं के अनुसार एक-दूसरे के देशों में यात्रा कर रहे हैं। मौजूदा सरकार ने कोई नया नियम लागू नहीं किया है।”
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: क्या सीआरपीएफ ने टीएमसी कार्यकर्ताओं को किया गिरफ्तार?
हमारी पड़ताल में मिले साक्ष्यों से स्पष्ट है कि नेपाल में मुस्लिमों की नो एंट्री का वायरल दावा गलत है। नेपाल सरकार ने इस तरह की कोई घोषणा नहीं की है।
(इनपुट-न्यूजचेकर नेपाल टीम)
Sources
Website Department Of Immigration Gov of Nepal
Website Embassy Of India in Nepal
Telephonic Conversation With Director and Spokesperson of the Nepal Immigration Department, Tikaram Dhakal
