Dailyhunt Logo
  • Light mode
    Follow system
    Dark mode
    • Play Story
    • App Story

फैक्ट चेक: बांग्लादेश में हिंदू महिला टीचर की पिटाई के दावे से वायरल हुए वीडियो का यहां जानें सच

सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बांग्लादेश में मुस्लिमों की भीड़ द्वारा हिंदू महिला टीचर की पिटाई की गई। वायरल वीडियो में कुछ लोग एक महिला को घेरकर उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में आसपास कुछ पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को सांप्रदायिक रंग देते हुए सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है।

वीडियो शेयर करते हुए एक एक्स यूजर ने लिखा, "बांग्लादेश में मजहबी भीड़ द्वारा हिंदू महिला टीचर को लातों से कैसे मारा जाता है। हिंदुओं हो सके तो इस वीडियो को सेकुलर हिंदू महिलाओं तक पहुंचा देना | जिनको लव जिहाद के प्रति जागरूक करने वाले हिंदू नफरती लगते हैं और नाम बदल कर हिंदू महिलाओं को फंसाने वाले विक्टिम।" पोस्ट का आर्काइव यहां देखें। ऐसे अन्य पोस्ट यहां और यहां देखें।

 Image: X@@Jatassociation

Fact Check/Verification

बांग्लादेश में मुस्लिमों की भीड़ द्वारा हिंदू महिला टीचर की पिटाई के दावे से वायरल हुए वीडियो की पड़ताल के लिए हमने इसके कीफ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया गया। इस दौरान हमें बांग्लादेशी समाचार वेबसाइट Bhorer Kagoj द्वारा 30 अगस्त 2026 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट में वायरल वीडियो वाले दृश्य मौजूद हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना बांग्लादेश के राजबाड़ी स्थित कादेरिया सुपर बाजार इलाके में 29 अगस्त को हुई थी। रिपोर्ट में महिला की पहचान जकिया सुल्ताना के तौर पर की गई है। इसमें बताया गया है कि वह राजबाड़ी के कादेरिया सुपर मार्केट की तीसरी मंजिल पर 'आस्था फैशन' नाम से कपड़ों की दुकान चलाती हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, जाकिया सुल्ताना और उनकी एक महिला कर्मचारी शाहनाज परवीन के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। शाहनाज ने कुछ महीने पहले जकिया की संस्था में काम करना शुरू किया था, लेकिन बाद में उन्होंने नौकरी छोड़ने की बात कही। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ।

बतौर रिपोर्ट, जकिया ने बताया कि, 23 अगस्त की रात शाहनाज कुछ बाहरी लोगों के साथ उनकी संस्था में पहुंचीं और एक दिन के भीतर वेतन देने की मांग करने लगीं। इस दौरान विवाद बढ़ गया। इसके अगले दिन जाकिया ने बाजार समिति के सामने शिकायत की थी। बाजार समिति ने दोनों पक्षों को कानूनी तरीके से मामला सुलझाने की सलाह दी थी। मारपीट की यह घटना इसी विवाद से जुड़ी है। घटना के बाद पुलिस ने जकिया को वहां से बचाकर थाने पहुंचाया था।

पीएम मोदी का यह वायरल वीडियो आरक्षण विरोधी प्रदर्शन के बाद का नहीं है

 Image Courtesy: bhorerkagoj.net

पड़ताल के दौरान हमें बांग्लादेशी समाचार संस्थान Prothomalo.com की वेबसाइट पर भी 31 अगस्त 2026 को इस घटना पर प्रकाशित रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट में वायरल वीडियो वाली महिला की पहचान जकिया सुल्ताना के रूप में की गई है और उन्हें राजबाड़ी के कादेरिया मार्केट की तीसरी मंजिल पर स्थित 'आस्था फैशन' की मालकिन बताया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, जकिया को एक महिला पुलिसकर्मी सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश कर रही थीं। उनके पीछे अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे और कुछ लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने बगल से उन्हें लात मारने की कोशिश की, जबकि दूसरे युवक ने दूसरी तरफ से लात मारी। इसी समय पीछे से एक अन्य व्यक्ति ने उन्हें थप्पड़ भी मारा। इस रिपोर्ट में भी जकिया और उनकी महिला कर्मचारी शाहनाज परवीन के बीच विवाद का जिक्र किया गया है।

 image Courtesy: Prothomalo.com

पड़ताल के दौरान हमें बांग्लादेशी मीडिया संस्थान Kalbela TV के फेसबुक पेज पर भी इस घटना से संबंधित वीडियो मिला। वहां भी वीडियो में दिखाई दे रही महिला का नाम जकिया सुल्ताना बताया गया है।

वायरल वीडियो और घटना के बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने न्यूजचेकर बांग्लादेश टीम के सदस्य महमुदुल रिफत से बात की। उन्होंने हमें घटनास्थल पर मौजूद ग्लोबल टीवी राजबाड़ी के स्थानीय पत्रकार रबीउल इस्लाम खांदाकर के हवाले से बताया कि वीडियो में दिखाई दे रहीं महिला का नाम जकिया सुल्ताना है। वह राजबाड़ी में आस्था फैशन नाम से एक प्रतिष्ठान चलाती हैं।

रिफत ने बताया कि जकिया सुल्ताना और उनकी एक महिला कर्मचारी के बीच हुए विवाद के बाद यह घटना सामने आई थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वीडियो में दिखाई दे रही महिला हिंदू नहीं, बल्कि मुस्लिम हैं और वह पेशे से शिक्षक भी नहीं हैं। घटना के बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया है।

हमारी पड़ताल में मिले साक्ष्यों से स्पष्ट है कि बांग्लादेश में मुस्लिमों की भीड़ द्वारा हिंदू महिला टीचर की पिटाई का दावा गलत है। वीडियो में नजर आ रही महिला का नाम जकिया सुल्ताना है और वह मुस्लिम हैं।

Our Sources
Report published by Bhorerkagoj.net on Aug 30, 2026
Report published by Prothomalo.com on Aug 31, 2026
Facebook Post by kalbeladigital on Aug 31, 2026
Telephonic Conversation with Mahmudul rifat on Sep 1, 2026

Dailyhunt
Disclaimer: This content has not been generated, created or edited by Dailyhunt. Publisher: Newschecker.in Hindi