नई दिल्ली। तमाम हीला-हवाली दिखाते हुए आखिरकार मॉनसून भारत के काफी बड़े हिस्से में सक्रिय हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक देश के 15 राज्यों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और आंधी-तूफान के आसार हैं।
इन सभी राज्यों में अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी दिल्ली के अलावा हरियाणा, यूपी, उत्तराखंड, राजस्थान, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और केरल में भारी बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आ सकता है। गुजरात में भी भारी बारिश जारी रहेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली और आसपास शुक्रवार तक भारी बारिश होगी। इसके बाद बारिश कम देखी जाएगी। यूपी की राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होगी। पश्चिमी यूपी में बहुत भारी बारिश हो सकती है। राजस्थान के जयपुर समेत तमाम जिलों में गुरुवार तक भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में येलो और उससे सटे ठाणे में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। गुजरात के कई जिलों में बहुत भारी बारिश की आशंका के कारण रेड अलर्ट है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता और हिमालय से लगे इलाकों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, ओडिशा में भी कई जिलों में भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।
मौसम विभाग ने पहले बताया था कि इस साल अल-नीनो के कारण मॉनसून कमजोर रहेगा और औसत से कम बारिश होगी। 1 जून से शुरू हुए मॉनसून के सीजन में दक्षिण भारत में काफी बारिश हुई, लेकिन पूर्वी, मध्य और उत्तर भारत में बारिश कमजोर रही। अब मॉनसून, पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवातीय संचरण के कारण देश के बड़े हिस्से में बारिश हो रही है। हालांकि, आगे चलकर बारिश का असर कम हो सकता है। इससे पहले दो साल तक ला-नीना का असर होने की वजह से मॉनसून के दौरान भारत में औसत से ज्यादा बारिश का दौर देखा गया था। अल-नीनो के कारण कम बारिश से धान की खेती संकट में पड़ सकती है।

