नई दिल्ली। बिहार के बांकीपुर की जनता ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को अपना नया विधायक चुना है। बांकीपुर में हुए विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर ने बीजेपी के प्रत्याशी नीरज सिन्हा को 18,953 वोटों के बड़े अंतर से हरा दिया।
प्रशांत किशोर को कुल 63,203 वोट मिले जबकि नीरज सिन्हा को 44,250 मत हासिल हुए। वहीं आरजेडी की कैंडिडेट रेखा गुप्ता 14,085 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहीं। बांकीपुर सीट बीजेपी का गढ़ मानी जाती है ऐसे में यहां पर जन सुराज पार्टी के कैंडिडेट का जीतना बीजेपी के लिए बड़ा झटका है।
नीरज सिन्हा और प्रशांत किशोर (फाइल फोटो)बीजेपी के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राज्यसभा की सदस्यता लेने के बाद बांकीपुर सीट से इस्तीफा दे दिया था, इसी वजह से यहां पर उपचुनाव हुआ। बीजेपी ने पहले यहां से अभिषेक कुमार सिन्हा को टिकट दी थी हालांकि बाद में उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए नामांकन वापस ले लिया था फिर बीजेपी ने नीरज कुमार सिन्हा को कैंडिडेट घोषित किया था। चुनाव जीतने के बाद प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को निशाने पर लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीएम बदलने की मांग की। उन्होंने कहा कि जनता ने मुझे जीत का आशीर्वाद देते हुए बीजेपी को यह संदेश दिया है कि किसी अच्छे आदमी को मुख्यमंत्री बनाया जाए।
पीके ने कहा, मैं बड़ी-बड़ी बात नहीं बोलना चाहता, मेरे विधायक बनने से बांकीपुर बेंगलुरु नहीं बनेगा लेकिन अगले दो तीन महीने में आपको कुछ सुधार होता दिखने लगेगा। वहीं पीके की पत्नी डॉ. जाह्नवी दास ने इस जीत पर खुशी जताते हुए बांकीपुर की जनता को धन्यवाद दिया है। उधर, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, लोकतंत्र के महापर्व में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता ने जन सुराज को चुना है। मैं जनता के इस निर्णय का सम्मान करते हुए प्रशांत किशोर जी को उनकी जीत पर हार्दिक बधाई देता हूं।

