नई दिल्ली। बिग बॉस 20 के लिए इंतजार खत्म, जियोहॉटस्टार और कलर्स ने आज बिग बॉस हिंदी सीजन 20 का टीजर जारी किया, जिसमें दर्शकों को इस खास सीजन की पहली झलक दिखाई गई। यह सीजन 6 सितंबर से शुरू हो रहा है।
एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए, सलमान खान अपने खास अंदाज में होस्ट के तौर पर लौट रहे हैं। वे एक शानदार घोड़े के साथ जबरदस्त एंट्री करते हैं और कहते हैं- "जो करण-अर्जुन में हुआ था, वो अब बिग बॉस, में होगा… तथास्तु!" टीजर में एक हल्की सी विजुअल हिंट भी है, जो दर्शकों में इस बात को लेकर एक्साइटमेंट जगाती है कि इस सीजन में क्या-क्या होने वाला है।
नए सीजन के बारे में बात करते हुए सलमान खान ने कहा, "बिग बॉस का हर सीजन एक नया गेम, नए समीकरण और अन एक्सपेक्टेड मोड़ लेकर आता है। लेकिन इस सीजन में एक ऐसा रहस्य है जो इसे पहले देखे गए किसी भी सीजन से बिल्कुल अलग बनाता है। पहली हिंट पहले ही सामने आ चुकी है, बस आपको उसे ध्यान से देखने की जरूरत है। टीजर तो बस शुरुआत है, और मैं यह देखने के लिए बहुत एक्साइटेड हूं कि जब बिग बॉस हिंदी सीजन 20 शुरू होगा, तो दर्शक कैसे सुरागों को जोड़कर इस मिस्ट्री को समझेंगे।"
बता दें कि बिग बॉस छोटे पर्दे का सबसे पॉपुलर रियलिटी शो है। इसके तर्ज पर कई शो शुरू हुए लेकिन फैन्स के दिल से ओजी बिग बॉस की जगह हिला पाना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन सा लगता है। यही वजह है कि इसके बीस सीजन आ चुके हैं और हर सीजन पिछले से ज्यादा कामयाब और पॉपुलर होकर निकलता है। पिछले सीजन की यानी कि बिग बॉस-19 की बात करें तो इस सीजन टीवी स्टार गौरव खन्ना इस शो के विनर रहे थे।

