नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियों की दोबारा जांच और नंबरों की समीक्षा के लिए आवेदन संबंधी री-इवैल्यूएशन पोर्टल को शुरू करने की तारीख आगे बढ़ा दी है।
अब यह आवेदन पोर्टल 1 जून 2026 से शुरू होगा जबकि पहले इसके 29 जून से शुरू करने की घोषणा की गई थी। सीबीएसई की ओर से यह अपडेट जारी किया गया है। सीबीएसई का कहना है कि छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं के सत्यापन और पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए,यह निर्णय लिया गया है। यह मूल्यांकन के उच्चतम मानकों और प्रोटोकॉल को सुनिश्चित करने के लिए है।
इसके साथ ही सीबीएसई की ओर से छात्रों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर और ई-मेल आईडी भी जारी की गई है। सीबीएसई ने कहा है कि जिन छात्रों का कोई प्रश्न हों, या उनको री-इवैल्यूएशन से संबंधित कोई जानकारी लेनी हो तो वो सीबीएसई की टेली-काउंसलिंग हेल्पलाइन 1800 11 8004 पर संपर्क कर सकते हैं या ईमेल [email protected] के जरिए भी अपनी बात रख सकते हैं। दरअसल पिछले सालों में ऐसा सामने आया है कि वेबसाइट पर अधिक लोड होने की वजह से वो स्लो हो गई और इस कारण से स्टूडेंट्स को आवेदन करने में काफी तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
सीबीएसई छात्रों की इसी परेशानी को देखते हुए इस बार हर उस ग्लिच को दूर कर देना चाहती है जिस वजह से स्टूडेंट्स को टेक्निकल एरर का सामना करना पड़ता है। बता दें कि 13 मई को सीबीएसई ने 12वीं बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया था। इस साल बोर्ड परीक्षा में 18.59 लाख विद्यार्थी सम्मिलित हुए थे। इनमें 8 लाख से ज्यादा संख्या में छात्राओं ने परीक्षा दी थी। इस बार छात्रों का पास प्रतिशत 82.13 फीसदी रहा जबकि 88.66 प्रतिशत छात्राएं पास हुई हैं। इस तरह पास होने के मामले में छात्राओं ने एक बार फिर बाजी मारी।

