नई दिल्ली। बिहार लोक सेवा आयोग के द्वारा BPSC TRE-4.0 शिक्षक भर्ती परीक्षा के आवेदन प्रक्रिया को स्थगित किए जाने पर प्रदेश के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि युवा और छात्र बिहार का भविष्य हैं।
उनके भविष्य को संवारने के लिए सरकार उनकी बात को मान भी रही है। BPSC को परीक्षा लेना है वो अपनी तैयारी में जुटा हुआ है। संख्या के आधार पर परीक्षा आयोजन की तैयारी की जा रही है। अब अगर एक तारीख को स्थगित कर दिया गया तो इससे घबराने की जरूरत नहीं है। जल्द ही दूसरी तारीख घोषित की जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि BPSC अगर हड़बड़ी में काम करेगा और इसमें आगे कोई चूक हो गई तो फिर ये सभी युवा और छात्र सरकार पर हमला करेंगे। इसलिए मेरा सभी छात्रों और अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि आप अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें। आपने जो कुछ कहा, सरकार ने मान लिया। अब आप अपनी तैयारी करें। सरकार आपको लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। BPSC अपनी परीक्षा की तिथि को घोषित करने के लिए, उसके लिए आवेदन लेने के लिए और परीक्षा को पारदर्शी कराने के लिए कटिबद्ध है। बिहार सरकार ने BPSC TRE-4 के तहत कुल 32,388 पदों पर शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन निकाला है।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होनी थी हालांकि इसको टाल दिया गया है। हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छात्रों की मांगों को मानते हुए यह घोषणा की थी कि BPSC TRE-4 परीक्षा को एक ही चरण में आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा बिहार सरकार ने विभिन्न परीक्षाओं में सुधार के लिए अनुशंसाएं देने हेतु परीक्षा सुधार पर एक विशेषज्ञ समिति का भी गठन किया है। पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में गठित यह समिति विभिन्न परीक्षाओं से संबंधित छात्रों की शिकायतों की भी सुनवाई करेगी।

