नई दिल्ली। भारत और इंडोनेशिया के संबंधों को नया आयाम देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) बेंगलुरु का सेंटर इंडोनेशिया में खोले जाने का एलान किया।
IIM बेंगलुरु का यह पहला अंतरराष्ट्रीय कैंपस होगा। मोदी ने कहा भारत और इंडोनेशिया दोनों ही युवा ऊर्जा से भरे हुए देश हैं। हमारे युवाओं में टेक्नोलॉजी के प्रति स्वाभाविक रुझान है। हम अपने युवाओं के बीच AI, टेलीकॉम, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में टेक्नोलॉजी सहयोग बढ़ाने के लिए एक अहम समझौता किया है। हम दोनों देशों के बीच स्टार्टअप सहयोग को भी और गहरा करने में सक्षम हुए हैं। हम इंडोनेशिया में IIM बेंगलुरु का कैंपस खोलने जा रहे हैं और इससे पूरे ASEAN क्षेत्र के युवाओं को लाभ होगा।
आपको बता दें कि IIM अहमदाबाद का कैंपस पहले ही दुबई में जबकि IIT दिल्ली का कैंपस अबू धाबी और IIT मद्रास का कैंपस जांजीबार में स्थापित हो चुका है। मोदी ने कहा, भारत और इंडोनेशिया के लिए गरीबी को परास्त करना और अपने नागरिकों तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमने इंडोनेशिया के साथ अपनी मिड-डे मील स्कीन और सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़े समाधान साझा किए हैं। अब हम इस सहयोग को एक नए स्तर पर लेकर जा रहे हैं।
भारतीय प्रधानमंत्री ने आगे कहा, हमारा हेल्थ कोऑपरेशन दोनों देशों में क्वालिटी हेल्थ सर्विस सुनिश्चित करने में अहम योगदान देगा। आज हुए समझौते से भारत की हाई क्वालिटी और किफायती दवाइयां इंडोनेशिया के नागरिकों को और सहजता से उपलब्ध होंगी। मोदी ने कहा कि हम इंडोनेशिया के डॉक्टर्स और हेल्थ केयर वर्कर्स की कैपेसिटी बिल्डिंग में भी योगदान देंगे। भारत में डेवलप किए गए गेहूं के बीज की सप्लाई से इंडोनेशिया की फूड सिक्योरिटी और मजबूत होगी। हम एक दूसरे के साथ सस्टेनेबल फार्मिंग और एग्रो टेक्नोलॉजी में बेस्ट प्रेक्टिसेस भी साझा करेंगे।

