नई दिल्ली। अपराध और अपराधियों के खिलाफ जारी मुहिम के तहत दिल्ली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट पुलिस स्पेशल स्टाफ और अलीपुर थाना पुलिस के ज्वांइट ऑपरेशन में नीरज बवाना-नवीन बाली गैंग के एक सक्रिय सदस्य को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है।
पकड़े गए बदमाश की पहचान सविंदर उर्फ बाबा उर्फ पागल (36) के रूप में हुई है। सविंदर उर्फ बाबा अलीपुर और नरेला इलाके के कारोबारियों तथा प्रॉपर्टी डीलरों से रंगदारी वसूलता था। उसके खिलाफ, हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट जैसे 6 गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस को उसके पास से एक पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और पांच खाली खोखे बरामद हुए हैं।
दिल्ली पुलिस उत्तरी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोमवार रात नीरज बवाना-नवीन बाली गैंग का सदस्य हिरनकी पुश्ता रोड की तरफ आने वाला है। पुलिस की टीम जीटी रोड से हिरनकी पुश्ता रोड पर तैनात हो गई। कुछ देर बाद संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। इस पर उस बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। एक गोली उस बदमाश के बाएं पैर में लगी और वो घायल हो गया जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
इस एनकाउंटर में सब-इंस्पेक्टर विशाल बदमाश की गोली से बाल-बाल बच गए। बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से उनकी जान बची। डीसीपी शोभित डी. सक्सेना की निगरानी में इंस्पेक्टर विश्वेंद्र चौधरी और एसएचओ शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। बदमाश सविंदर उर्फ बाबा को घायल अवस्था में राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे लोक नायक अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल अस्पताल में उसका चल रहा है और उसकी हालत स्थिर है।

