नई दिल्ली। बीजेपी के संगठन में बदलाव के बाद अब पीएम नरेंद्र मोदी के कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें लग रही हैं। चर्चा है कि सितंबर में पीएम मोदी अपनी कैबिनेट में बदलाव करेंगे। कहा जा रहा है कि पीएम मोदी के कैबिनेट में युवाओं और महिलाओं की अच्छी-खासी तादाद देखने को मिल सकती है।
अगर पीएम मोदी के कैबिनेट में फेरबदल हुआ भी, तो वो कई वजहों से 13 सितंबर के बाद ही संभव है।
जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी 28 अगस्त को उजबेकिस्तान जाएंगे। वहां के दौरे के बाद पीएम मोदी किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) की बैठक में हिस्सा लेंगे। पीएम मोदी की ये विदेश यात्रा 1 सितंबर तक है। इसके बाद 12 और 13 सितंबर को दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन होगा। जिसमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन का आना तय है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी दिल्ली आ सकते हैं। जाहिर है कि ब्रिक्स बैठक से पहले पीएम मोदी के कैबिनेट में फेरबदल की संभावना न के बराबर ही है। हालांकि, पीएम मोदी हमेशा अपने फैसलों से हमेशा चौंकाते रहे हैं। जिस बात की संभावना नहीं दिखती, उनकी सरकार वैसा ही करती रही है।
मोदी सरकार से धर्मेंद्र प्रधान समेत तीन मंत्रियों के इस्तीफे हुए हैं। नीट यूजी पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री पद से धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया था। वहीं, राज्यसभा की सदस्यता खत्म होने के बाद रेल राज्य मंत्री पद से रवनीत सिंह बिट्टू और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय में राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन ने भी पद छोड़ दिया। इन दोनों को फिलहाल फिर से राज्यसभा नहीं भेजा गया। धर्मेंद्र प्रधान के शिक्षा मंत्री पद को फिलहाल प्रह्लाद जोशी संभाल रहे हैं। अटकलों के मुताबिक शिक्षा मंत्री पद पर पीएम मोदी किसी युवा चेहरे को मौका दे सकते हैं। वहीं, कई बड़े चेहरों को भी बदले जाने की चर्चा है। वैसे ये अटकलें कितनी सही बैठती हैं, ये सितंबर में ही पता चलेगा।

