नई दिल्ली। यूपी के कानपुर में एक विमान हादसा हो गया है। यहां एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश होने की वजह से उसमें सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई है। यह हादसा गंगा बैराज के पास नत्थापुरवा गांव में हुआ है।
दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद विमान पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो गया है। जैसे ही यह हादसा हुआ वहां आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया और विमान के मलबे से दोनों पायलटों को निकाला। पायलटों को अस्पताल भिजवाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस विमान हादसे में जान गंवाने वाले पायलट सचिन भाटिया गुजरात के रहने वाले थे जबकि ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी कर्नाटक निवासी थे। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। यह टेकनम एयरक्राफ्ट गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर का 4-सीटर दो इंजनों वाला विमान था।
प्रशिक्षण विमान ने सुबह तकरीबन 11 बजकर 20 मिनट पर कानपुर कैंट क्षेत्र से उड़ान भरी थी। 11 बजकर 50 पर यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान क्यों क्रैश हुआ इसकी फिलहाल जानकारी नहीं है। घटना के बारे में नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को सूचित कर दिया गया है। डीजीसीए के द्वारा ही विमान हादसे की जांच कराई जाएगी।

